राम मंदिर में अब नियुक्त होंगे नए सचिव-प्रवक्ता, अगले महीने CEO का चुनाव; ट्रस्ट की बैठक के बड़े फैसले
Ram Mandir | रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति का निर्णय लिया है। यह फैसला मुख्य कार्यकारी अधिकारी की चयन प्रक्रिया में ...और पढ़ें
HighLights
ट्रस्ट में सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति का निर्णय।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी चयन में देरी के कारण सचिव।
एसबीआई की भूमिका पर पुनर्विचार, मिंट के कार्य से संतुष्टि।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। Ram Mandir | रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति की जाएगी। यह निर्णय मणिरामदास जी की छावनी में तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में किया गया।
सचिव की नियुक्ति का औचित्य स्पष्ट करते हुए बताया गया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी की चयन प्रक्रिया पूरी हाेने में एक माह का अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसे में बैठक के दौरान न्यासी मंडल ने एक सचिव की नियुक्ति किए जाने का निर्णय किया।
(Ram Mandir Trust) मीडिया से सतत संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति की घोषणा किए जाने के साथ ट्रस्ट के सदस्य युग पुरुष स्वामी परमाानंद तथा कार्यवाहक महासचिव कृष्णमोहन की ओर से जारी वक्तव्य में बताया गया कि ‘समस्त दुष्प्रचार एवं अतिरेकी आरोपों के बावजूद रामजन्मभूमि मंदिर में दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या यथावत है। यह इस बात का प्रमाण है कि आधारहीन, मिथ्या और भ्रामक आरोपों के बाद भी करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास अडिग है। न्यासी मंडल ने इस अटूट समर्थन के लिए संपूर्ण संत समुदाय, देश विदेश से आ रहे भक्तों और अवध के समाज के प्रति आभार जताया है।’
सावन में भक्तों की संख्या में होगी बढ़ोतरी
पवित्र श्रावण मास में रामलला के दर्शनार्थियों की संख्या में वृद्धि का अनुमान है और इसी के साथ तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सामने अतिरिक्त व्यवस्था की चुनौती होगी। इसी तथ्य को ध्यान में रख कर सचिव के अस्थाई पद पर नियुक्ति की घोषणा की गई।
बैठक में न्यासी मंडल में चंपतराय एवं अनिल मिश्र के त्यागपत्र तथा अयोध्या राज परिवार के मुखिया बिमलेंद्रमोहन मिश्र के गत वर्ष निधन से तीन रिक्त स्थानों की पूर्ति तथा चढ़ावा राशि की गणना में स्टेट बैंक के साथ अनुबंध के तहत बैंक की भूमिका, न्यासियों ने मंदिर परिसर में स्थापित सीसी टीवी कैमरों के संयोजन की समीक्षा भी की और उसकी कथित त्रुटियों तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रगति आदि विषयों पर चर्चा हुई।
खबरें और भी
याची मंडल ने न्यायालय में प्रस्तुत याचिकाओं का भी लिया संज्ञान
बैठक में चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट पर भी चर्चा की तैयारी थी, किंतु अंतिम रिपोर्ट न आने से यह चर्चा स्थगित करनी पड़ी। न्यासी मंडल ने चढ़ावा चोरी एवं ट्रस्ट को चुनौती दिए जाने के संबंध में उच्चतम न्यायालय में प्रस्तुत याचिकाओं पर सुनवाई की प्रगति तथा न्यायालय के आदेशों का संज्ञान भी लिया।

मिंट के कार्याें के प्रति संतुष्टि
भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक संस्थान की टकसाल (मिंट) के साथ रामलला के स्वर्ण-रजत चढ़ावे की मात्रा एवं शुद्धता जांचने की व्यवस्था के प्रति संतुष्टि व्यक्त किए जाने के साथ बैठक में यह व्यवस्था अनवरत चालू रखने का निर्णय किया गया।
स्टेट बैंक से संबंधों पर होगा पुनर्विचार
अनियमितताओं के प्रकाश में आने के पश्चात स्टेट बैंक की प्रतिक्रिया और गंभीरता पर न्यासी मंडल ने सवाल उठाया तथा निराशा प्रकट की। साथ ही न्यास की वित्त समिति को बैंक के साथ बैंक से संबंधों और मानक प्रक्रियाओं पर पुनर्विचार कर समुचित निर्णय लेने को भी कहा गया।
ट्रस्ट की अगली बैठक कुछ सप्ताह में ही संभावित
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अगली बैठक कुछ सप्ताह में ही संभावित है। न्यासी मंडल ने न्यासियों के रिक्त स्थानों की पूर्ति के प्रयासों का संज्ञान लिया और पाया कि इस महत्वपूर्ण कार्य को पूर्ण करने में कुछ और सप्ताह लगेंगे और यह न्यास की बैठक में ही संभव होगा।