अयोध्या दीपोत्सव 2026: आराध्य के स्वागत में राम की पैड़ी पर सजा 2500 वर्ग फीट का दिव्य चौक
अयोध्या दीपोत्सव 2026 के लिए राम की पैड़ी पर 2500 वर्ग फीट की दिव्य रंगोली बनाई गई है। यह डॉ. ...और पढ़ें

आराध्य के स्वागत में राम की पैड़ी पर सजा 2500 वर्ग फीट का दिव्य चौक।
HighLights
राम की पैड़ी पर 2500 वर्ग फीट की रंगोली।
अवध विश्वविद्यालय के 150 छात्रों ने बनाई रंगोली।
कमल, ब्रह्मांड, नौ ग्रहों का प्रतीकात्मक चित्रण।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम की पैड़ी पर रंगों का दिव्य आंगन। बीच में खिला कमल, चारों ओर ब्रह्मांड की परिकल्पना, नौ ग्रहों और चार दिशाओं का प्रतीकात्मक चित्रण। दीपोत्सव की जगमगाहट के बीच 2500 वर्ग फीट में सजी यह रंगोली मानो देवताओं के स्वागत के लिए तैयार दिव्य चौक है।
दीपोत्सव को भव्य, दिव्य और भारतीय परंपराओं से ओतप्रोत बनाने के प्रयासों के बीच डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग ने लोक कला 'चौक पूरना' को राम की पैड़ी पर साकार किया है।
घर के आंगन में शुभ अवसरों पर चौक पूर कर देवताओं का आह्वान करने की परंपरा इस बार रामनगरी के भव्य उत्सव का हिस्सा बनी है। भारतीय संस्कृति में शुभ कार्यों के अवसर पर आंगन में चौक पूर कर देवताओं को आमंत्रित किया जाता है। यह परंपरा शुभता, मंगलकामना और आध्यात्मिक आस्था की प्रतीक है।
राम की पैड़ी पर 50 गुणा 50 फीट की रंगोली बनाई गई है। रंगों से सजा यह चौक आराध्य के स्वागत के लिए तैयार दिव्य आंगन है, जहां लोक परंपरा और आध्यात्मिक भाव एक साथ दिखाई देते हैं।
कमल में सृष्टि, घेरे में ब्रह्मांड और चौक में चार दिशाएं
रंगोली की प्रत्येक आकृति अपने भीतर एक विशेष अर्थ समेटे हुए है। गोलाकार घेरा ब्रह्मांड और नौ ग्रहों को दर्शाता है, जबकि चौकोर आकृति घर और चारों दिशाओं का प्रतीक है। केंद्र में बना कमल सृष्टि की उत्पत्ति का भाव अभिव्यक्त करता है।
ललित कला विभाग की सहायक आचार्य डॉ. रीमा सिंह ने बताया कि दीपोत्सव एक शुभ और आध्यात्मिक आयोजन है। परंपरा को रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। विभाग के लगभग 150 विद्यार्थियों ने सामूहिक सहभागिता से इस विशाल रंगोली को आकार दिया है। इसकी परिकल्पना डॉ. सरिता द्विवेदी और डॉ. रीमा सिंह ने की है। कुलपति कर्नल डॉ. ब्रिजेंद्र सिंह की प्रेरणा से तैयार रंगोली का पर्यवेक्षण प्रोफेसर सुरेंद्र मिश्र ने किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।