अयोध्या में 5.61 लाख रुपये केसीसी कर्ज न चुकाने पर किसान की खेत कुर्क, ग्रामीण बैंक ने की कार्रवाई
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के 5.61 लाख रुपये के किसान क्रेडिट कार्ड ऋण बकाया पर प्रशासन ने अयोध्या के मवई में एक किसान की खेत की कुर्की कर दी। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अयोध्या। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा मवई के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण की वसूली के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बकाएदार किसान के खेत की कुर्की कर दी। राजस्व विभाग व पुलिस की मौजूदगी में खेत पर लाल झंडी लगाकर कुर्की आदेश का अनुपालन कराया गया।
मवई थाना क्षेत्र के ग्राम ओहरामऊ सहजना निवासी राज कुमार पुत्र काशीराम ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा मवई से किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत ऋण लिया था। बैंक अभिलेखों के अनुसार, किसान पर पांच लाख 61 हजार 544 रुपये का बकाएदार था।
बार-बार नोटिस और भुगतान का अवसर दिये जाने के बावजूद ऋण जमा नहीं करने पर बैंक ने राजस्व वसूली की प्रक्रिया शुरू की। सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर बकाएदार किसान के खेत की कुर्की की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार विजय कुमार, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक रोहित श्रीवास्तव व मवई थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।
बैंक शाखा प्रबंधक ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान होने तक नियमानुसार आगे की राजस्व वसूली की प्रक्रिया जारी रहेगी। इन्होंने किसानों से समय पर ऋण अदायगी करने की अपील की है, जिससे उन्हें किसी कठोर कार्रवाई का सामना न करना पड़े।