Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में MBBS छात्रा को सांप ने डसा, सोते समय बेड पर चढ़कर काटा

    Updated: Wed, 22 Jul 2026 10:54 PM (IST)

    अयोध्या के राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा खुशी जैन को हॉस्टल में सांप ने डस लिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल उपचार के लि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. अयोध्या में एमबीबीएस छात्रा को हॉस्टल में सांप ने डसा।

    2. गंभीर हालत में छात्रा को लखनऊ किया गया रेफर।

    3. घटना के बाद हॉस्टल परिसर में शुरू हुई साफ-सफाई।

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा को सांप ने डस लिया। वह जयपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा सवाई माधोपुर की निवासी है। वह एमबीबीएस फाइनल वर्ष की छात्रा है। छात्रा का उपचार करने वाले चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बतायी है।

    कॉलेज प्रशासन ने घटना की जानकारी उसके स्वजनों को दी है, जिनके देर शाम तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही हैं। वहीं गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने छात्रा को लखनऊ रेफर कर दिया।

    जयपुर निवासी खुशी जैन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस 2022 बैच की छात्रा है। वह गंजा स्थित शैक्षिक परिसर स्थित इंटर्न छात्रावास में निवास करती है। खुशी रात में हास्टल के ग्राउंड फ्लोर पर आवंटित कक्ष में सो रही थी।

    रात करीब साढ़े तीन बजे उसके बेड पर चढ़ कर सांप ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी उसने अपनी रूम पार्टनर को दी तो उसे मेडिकल कॉलेज दर्शननगर में अधीक्षक डा. अरविंद कुमार की देखरेख में भर्ती कराया गया।

    डाॅ. अरविंद ने बताया कि छात्रा स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। वेंटिलेटर पर रख कर उपचार किया जा रहा था। दोपहर बाद केजीएमयू लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया।

    छात्रा अतिशीघ्र स्वस्थ्य हो इसीलिए लखनऊ रेफर कर दिया गया। खुशी की देखरेख के लिए साथ में पढ़ाई करने वाले करीब दस एमबीबीएस छात्राओं को भी दूसरे वाहन से भेजा गया है। उसके स्वजन भी जयपुर से सीधे लखनऊ पहुंच रहे हैं।

    -डाॅ. दिनेश सिंह मार्तोलिया, प्राचार्य

    सर्पदंश के बाद छात्रावास की साफ- सफाई की आई याद

    बीती रात एमबीबीएस की छात्रा खुशी जैन सर्प दंश का शिकार हुई तो दायित्वधारियों को छात्रावास के भवनों के आगे पीछे बिखरी झाड़ियाें की साफ-सफाई का कार्य भी प्रारंभ हुआ। कॉलेज प्रशासन ने छात्रावास के समीप व पीछे के हिस्से में उगी झाड़ियों को काटने का कार्य शुरू करा दिया। दो श्रमिक लगाए गये।

    कर्मचारियों ने जुट कर छात्रावास भवन को छूने वाली डालियों को काटा। भवन के पीछे उत्तर दिशा के गलियारे में घास ही घास हैं। फिलहाल विद्यार्थियों के अलावा भी आमजन खुशी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

    उधर महिला सुपरवाइजर को एक छात्रा ने सफाई की समस्याओं से अवगत कराया। महिला सुरक्षाकर्मी ने छात्रावास में पुरुषों का प्रवेश प्रतिबंधित होने की बात करते हुए पत्रकारों को वापस कर दिया।