अयोध्या में कक्षा नौ से 12 तक की फीस की होगी जांच, निजी स्कूलों से मांगा गया पूरा ब्योरा
प्रदेश सरकार ने निजी विद्यालयों की मनमानी फीस पर अंकुश लगाने के लिए कक्षा 9 से 12 तक की मासिक ट्यूशन फीस का विस्तृत विवरण मांगा है। सभी विद्यालयों को ...और पढ़ें

कक्षा नौ से 12 तक की फीस का होगा आकलन।
HighLights
यूपी सरकार ने निजी स्कूलों की फीस पर शिकंजा कसा।
कक्षा 9-12 की मासिक ट्यूशन फीस का विवरण मांगा।
डीआईओएस कार्यालय में जमा करानी होगी प्रमाणित जानकारी।
संवाद सूत्र, शुजागंज (अयोध्या)। प्रदेश सरकार ने निजी विद्यालयों की मनमानी फीस पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9 से 12 तक की मासिक ट्यूशन फीस का विस्तृत विवरण तलब किया है।
शासन के निर्देश पर सभी विद्यालयों को निर्धारित प्रारूप में जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में जमा करनी होगी, जिसे जनपद स्तरीय नियामक समिति से प्रमाणित कराना अनिवार्य होगा।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक के निर्देश के अनुसार विद्यालयों को कक्षा 9-10 एवं 11-12 की अलग-अलग मासिक ट्यूशन फीस, विद्यालय का नाम, संबद्ध बोर्ड तथा अन्य आवश्यक विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना है।
शासन प्रत्येक बोर्ड के विद्यालयों की औसत फीस का आकलन कर प्रदेशभर की फीस संरचना का समग्र अध्ययन करेगा, ताकि निजी विद्यालयों में फीस निर्धारण की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
वरिष्ठ लिपिक जयप्रकाश ओझा ने बताया कि जनपद में सरकारी और निजी मिलाकर 447 माध्यमिक विद्यालय तथा 22 सीबीएसई विद्यालय संचालित हैं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के अंदर सत्यापित प्रपत्र विवरण डीआईओएस कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक पवन कुमार तिवारी ने बताया कि जनपद के सभी निजी एवं वित्तपोषित विद्यालयों से ट्यूशन फीस की जानकारी मांगी गई है। यह प्रक्रिया प्रदेश में निजी विद्यालयों की फीस संरचना का समग्र आकलन करने के उद्देश्य से की जा रही है।