अयोध्या में सावन मेला के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार, हाईवे पर थमेगी भारी वाहनों की रफ्तार
अयोध्या में सावन मेला के लिए यातायात पुलिस ने भारी वाहनों हेतु डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह प्लान अलग-अलग तिथियों पर लागू होगा, जिसमें पूर्वांचल एक ...और पढ़ें

सावन मेला के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार।
HighLights
सावन मेला के लिए अयोध्या में यातायात डायवर्जन प्लान जारी।
भारी मालवाहक वाहनों पर लागू होगा यह विशेष डायवर्जन।
अलग-अलग तिथियों पर प्रभावी रहेगा रूट परिवर्तन।
संवाद सूत्र, अयोध्या। सावन मेला को लेकर यातायात पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। अलग-अलग तिथियों पर डायवर्जन लागू होगा। हाईवे पर छोटे वाहन एवं कारें निर्बाध रूप से आवागमन कर सकेंगी। जारी किया गया डायवर्जन मालवाहक भारी वाहन, ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टरों पर लागू होगा।
डायवर्जन आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगा। एसपी यातायात अयोध्या प्रसाद सिंह ने बताया कि अयोध्याधाम में आंतरिक डायवर्जन बाद भीड़ स्थिति को देखते हुए लागू होगा। इसकी रूपरेखा भी तैयार हो रही है।
डायवर्जन की प्रमुख तिथियां
- श्रावण मास के द्वितीय सोमवार दस अगस्त एवं 11 अगस्त श्रावण शिवरात्रि के अवसर पर यातायात डायवर्जन आठ अगस्त को प्रातः आठ बजे से 12 अगस्त को भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा।
- मणिपर्वत मेला के अवसर पर 15 अगस्त एवं 17 अगस्त को श्रावण मास के तृतीय सोमवार व नागपंचमी के अवसर पर यातायात डायवर्जन 14 अगस्त को प्रातः आठ बजे से शुरू होकर 17 अगस्त भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा।
- श्रावण मास के चतुर्थ व अंतिम सोमवार 24 अगस्त के अवसर पर यातायात डायवर्जन 23 अगस्त को प्रातः आठ बजे से 24 अगस्त को भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा।
- आगामी 28 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा स्नान एवं मेला समापन के अवसर पर यातायात डायवर्जन 27 अगस्त को प्रातः आठ बजे से 28 अगस्त को भीड़ समाप्ति तक लागू रहेगा।
इस प्रकार होगा डायवर्जन (मालवाहक भारी वाहन, ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर)
- सुलतानुपर से आने वाले वाहनों को कूड़ेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।
- रायबरेली से आने वाले वाहनों को हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- आजमगढ़, अंबेडकरनगर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ अंबेडकरनगर से दोस्तपुर होकर पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे की ओर से डायवर्ट किया जाएगा।
- बाराबंकी की ओर से आने वाले वाहनों को भिटरिया रामसनेहीघाट से हैदरगढ़ रोड से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।
- बस्ती की ओर से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज गोंडा की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- गोंडा की ओर से आने वाले वाहनों को लकड़मंडी से लोलपुर होते हुए बस्ती की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- गोरखपुर से वाहनों का डायवर्जन-गोरखपुर से लिंक एक्सप्रेस-वे होकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर किया जाएगा।
- गोरखपुर-संतकबीरनगर-बस्ती से आने वाले वाहनों को कलवारी से टांडा, अकबरपुर, दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।
- गोरखपुर, संतकबीरनगर, बासी, मेहदावल, डुमरियागंज, उतरौला, बलरामपुर, गोंडा से आने वाले वाहन जरवल रोड तिराहा से वापस आकर बहराइच की ओर जाकर टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग में आवागमन करेंगे।
- बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड होते हुए सिधौली सीतापुर-लखनऊ मार्ग में डायवर्जन किये जाने के संबंध में पुलिस अधीक्षक बाराबंकी व पुलिस अधीक्षक सीतापुर से समन्वय स्थापित कर कावड़ यात्रा के समय होल्डिंग एरिया चिह्नित करते हुए वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा।
- कानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज, गोसाईगंज, चांद सराय से पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- लखनऊ में आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहनों को मोहान, जुनाबगंज से मोहनलालगंज से गोसाईगंज होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से गोरखपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- सीतापुर, शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया से शहीदपथ, अहीमामऊ से होते हुए पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन, कार्यवाही मंगलवार 11 बजे तक स्थगित