अयोध्या में राम मंदिर जितना ही भव्य होगा शेषावतार मंदिर का भी ध्वजारोहण, आमंत्रित किए जाएंगे आठ हजार अतिथि
अयोध्या में शेषावतार मंदिर का ध्वजारोहण समारोह राम मंदिर जितना ही भव्य होगा, जिसमें लगभग आठ हजार अतिथि शामिल होंगे। इस आयोजन में उपमुख्यमंत्रियों ब्रज ...और पढ़ें
-1780449579215_m.webp)
राम मंदिर जितना ही भव्य होगा शेषावतार मंदिर का भी ध्वजारोहण।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। रामजन्मभूमि परिसर के सातवें पूरक मंदिर का ध्वजारोहण राम मंदिर जितना ही वृहद व भव्य होने जा रहा है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, परकोटे के छह पूरक मंदिरों की अपेक्षा शेषावतार मंदिर के ध्वजारोहण पर बड़ा आयोजन करने की तैयारी में है। इसमें लगभग आठ हजार अतिथियों को आमंत्रित किया जाएगा।
अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) व विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के खंड स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल किए जाएंगे। ये केवल रामनगरी से ही होंगे या आसपास के दूसरे जिलों के भी, अभी इस पर अंतिम निर्णय होना शेष है।
वहीं, शेषावतार मंदिर पर 23 जून को धर्म ध्वजा का आरोहण करने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्रियों ब्रजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य का आगमन लगभग तय हो गया है।
मंदिरों का निर्माण पूर्ण हो जाने के बाद श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गत वर्ष 25 नवंबर को सबसे पहले राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों धर्म ध्वजा का आरोहण कराया था। इसमें आरएसएस प्रमुख डा. मोहन भागवत के अलावा लगभग सात हजार अतिथि आमंत्रित किए गए थे।
इसके लगभग एक माह बाद 31 दिसंबर को परकोटे की उत्तरी भुजा पर बने माता अन्नपूर्णा मंदिर से पूरक मंदिरों का ध्वजारोहण प्रारंभ हुआ। तत्पश्चात परकोटे में ही बने सूर्य मंदिर, हनुमान मंदिर, गणेश मंदिर, शिव मंदिर व दुर्गा मंदिर पर क्रमानुसार अलग-अलग तिथियों पर ध्वजारोहण संपन्न हुआ। इसमें भिन्न-भिन्न समाज व वर्गों के अतिथियों को आमंत्रित किया गया।
खबरें और भी
अब जबकि सातवें पूरक मंदिर के रूप में केवल शेषावतार मंदिर ही शेष है, तो ट्रस्ट ने भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी के मंदिर का ध्वजारोहण पूर्व की अपेक्षा बड़ा और भव्य कराने की रूपरेखा बनाई है।
गत रविवार को हुई ट्रस्ट पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि शेषावतार मंदिर के सामने रिक्त पड़े परिसर में ध्वजारोहण समारोह संपन्न होगा और इसमें लगभग आठ हजार लोगों को बुलाया जाएगा।
फिलहाल, अभी आरएसएस व विहिप के बड़े पदाधिकारियों के साथ खंडस्तरीय कार्यकर्ताओं को आमंत्रित करने की योजना बनी है। सूची तैयार करते समय इसका दायरा विस्तृत हो सकता है। यानी पूरे अवध प्रांत क्षेत्र के संघ से जुड़े लोग बुलाए जा सकते हैं। एक पदाधिकारी का कहना था कि अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।