अटकलों पर विराम, श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा
स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ ने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के साथ सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के त्यागपत्र के बाद अयोध्या में 11 जुलाई को ट्रस्ट के सदस् ...और पढ़ें

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और महासचिव चंपतराय
HighLights
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में आरोप लगने के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि को सौंपा त्यागपत्र
कोषाध्यक्ष ने कहा, अभी स्वीकृत नहीं हुआ इस्तीफा, ट्रस्ट की 11 जुलाई को होने वाली त्रैमासिक बैठक में होगा निर्णय
स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ ने त्यागपत्र की पुष्टि की, कर्नाटक के उडुपी में रहते हैं ट्रस्ट के सदस्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामला उजागर होने के बाद से सवालों के घेरे में चल रहे श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय व सदस्य डॉ.अनिल कुमार मिश्र ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि को सौंपा है। चढ़ावा चोरी में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उनको जेल भेजा गया है। एफआईआर में एक अज्ञात भी है।
कोषाध्यक्ष ने ट्रस्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पत्र पोस्ट करके इसे सार्वजनिक किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया है कि अभी त्यागपत्र स्वीकृत नहीं किया गया है। जल्द ही होने वाली ट्रस्ट की बैठक में विचार-विमर्श के उपरांत इस पर निर्णय लिया जाएगा। माना जा रहा कि ट्रस्ट की जुलाई के पहले पखवारे में संभावित त्रैमासिक बैठक में इस पर निर्णय होगा। ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन ने कहाकि बैठक 11 जुलाई को संभावित है।
चढ़ावा चोरी का प्रकरण बीते 20 दिनों से सुर्खियों में छाए रहने और गुरुवार को आठ ट्रस्ट कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा कर जेल भेजे जाने के बाद से दोनों पदाधिकारियों के इस्तीफे को लेकर दो दिन से अटकलें चल रही थीं। इन अटकलों पर शनिवार को तब विराम लगा, जब कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि की ओर से इंटरनेट मीडिया पर अधिकृत रूप से एक पत्र पोस्ट किया गया।
पत्र में कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव ने उन रामभक्तों को आश्वस्त करते हुए यह भी कहा है कि जिन्होंने चांदी की ईंटें, आभूषण आदि प्रभु श्रीराम की सेवा में अर्पण हेतु न्यास के अधिकारियों को व्यक्तिश: सौंपे है, वे वस्तुएं सुरक्षित हिसाब सहित उपलब्ध हैं।
खबरें और भी
मंदिर के दानपात्रों से प्राप्त राशि की घटना के संबंध में न्यास के निवेदन पर प्रदेश सरकार ने एसआइटी गठित की है। उसके प्रतिवेदन के आधार पर न्यास ने एफआइआर की प्रविष्टि की है और उस पर वैधानिक कार्यवाही जारी है। हम सभी को विश्वास दिलाते हैं कि भविष्य में कोई दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति न बने, ऐसा सुनिश्चित करेंगे। अपराधियों को वैधानिक यथायोग्य कड़ा दंड मिले, इसके आग्रही रहेंगे। असामाजिक, अधार्मिक, स्वार्थी तत्वों द्वारा सनातन धर्म पर लांछन लगाने के प्रयास सफल नहीं होने देंगे।
स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ ने की त्यागपत्र की पुष्टि
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के साथ सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने शनिवार को त्यागपत्र दिया है। ट्रस्ट के सदस्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ ने इनके त्यागपत्र की पुष्टि कर दी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ ने कहा कि ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय के साथ सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के त्यागपत्र के बाद अयोध्या में 11 जुलाई को ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक होगी।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की बैठक में हम प्रकरण की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि गलतियों के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं। जो लोग इस अपराध में शामिल हैं, उन्हें हम दंडित करेंगे। ट्रस्ट के सदस्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ कर्नाटक के उडुपी में रहते हैं। जगतगुरु माधवाचार्य स्वामी विश्व प्रसन्न तीर्थ जी महाराज कर्नाटक के उडुपी के प्रसिद्ध पेजावर मठ के 33वें पीठाधीश्वर हैं।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष पूज्य स्वामी गोविन्द देव गिरी जी महाराज का वक्तव्य
— Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra (@ShriRamTeerth) June 27, 2026
Statement by the Treasurer of the Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra, Pujya Swami Govind Dev Giri Maharaj pic.twitter.com/I8goCrrEt9