अयोध्या दीपोत्सव: सीएम योगी के स्वागत में कमल, कलश और दीपों से सजा रामकथा पार्क का मार्ग
दीपोत्सव के दसवें संस्करण के लिए अयोध्या का रामकथा पार्क मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत में कमल, कलश और दीपों की कलाकृतियों से सजाया गया है।

ayodhya deepotsav 2026 | अयोध्या दीपोत्सव 2026 ।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी के स्वागत में रामकथा पार्क मार्ग सजा।
कमल, कलश और दीपों से आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।
कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता से सड़क को पेंटिंग से सजाया।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। दीपोत्सव के दसवें संस्करण को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए रामनगरी पूरी तरह सजकर तैयार हो रही।
आयोजन को भव्य व आकर्षक स्वरूप देने में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलाकार और स्थानीय नागरिक भी जुटे हैं। रामकथा पार्क के समीप मुख्य सड़क और होटल सरयू यात्री निवास के सामने का पूरा क्षेत्र रंग-बिरंगी कलाकृतियों से सजाया जा रहा है।
इसी मार्ग से मुख्यमंत्री रामकथा पार्क स्थित मुख्य आयोजन स्थल में प्रवेश करेंगे। उनके स्वागत के लिए सड़क पर आकर्षक रंगोलियां उकेरी गई हैं, जो दीपोत्सव की सांस्कृतिक छटा को और निखार रही हैं। इन तस्वीरों में कमल का फूल, कलश और पारंपरिक दीपों की सुंदर कलाकृतियां सड़क पर सजीव हो रही हैं, जो उत्सव की भव्यता को दर्शाती हैं।
रामकथा पार्क के मार्ग पर कलाकारों ने अपनी कल्पनाशीलता और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया है। सड़क को पेंटिंग बनाकर उस पर विभिन्न धार्मिक एवं पारंपरिक आकृतियां बनाई जा रही हैं। कहीं मंगल कलश और स्वास्तिक के चिह्न भारतीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर रहे हैं, तो कहीं विशाल कमल के फूल और दीपों की सुंदर आकृतियां लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
रंगों के आकर्षक संयोजन से तैयार हो रहीं ये कलाकृतियां रामनगरी के उत्सवी वातावरण को खास बना रही हैं। कलाकार बारीकी से प्रत्येक आकृति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के समय पूरा मार्ग आकर्षक नजर आए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।