इस बार दीपोत्सव छह दिन, आज से शुरू पर्वों का सिलसिला... क्या है धनतेरस-दीवाली-भाई दूज का मुहूर्त?
इस बार दीपोत्सव छह दिनों तक चलेगा, जिसकी शुरुआत धनतेरस से होगी और भाई दूज तक उत्सव मनाया जाएगा। लेख ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। रोशनी, उल्लास और परंपराओं का पर्व दीपोत्सव इस बार पांच नहीं, छह दिन तक चलेगा। सामान्य तौर पर धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिवसीय दीपावली पर्व मनाया जाता है, लेकिन इस बार तिथियों के क्रम और हनुमान जन्मोत्सव के अलग दिन पड़ने से उत्सव का सिलसिला छह दिनों तक चलेगा।
शुक्रवार को धनतेरस से इसकी शुरुआत होगी। इसके बाद शनिवार को नरक चतुर्दशी और हनुमान जन्मोत्सव, रविवार को दीपावली, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज मनाई जाएगी।
धनतेरस पर सुबह 7:57 बजे से खरीदारी का शुभ समय शुरू होगा। शाम 5:27 बजे से रात 8:05 बजे तक पूजन और यम दीपदान का मुहूर्त रहेगा। ज्योतिषाचार्य आचार्य डा. सुशांत राज के अनुसार कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि शुक्रवार शाम 5:56 बजे से शनिवार सुबह 10:46 बजे तक रहेगी। प्रदोषकाल के आधार पर धनतेरस शुक्रवार को ही मनाई जाएगी।
छह दिन, पांच पर्व और अलग-अलग परंपराएं
धनतेरस: खरीदारी और आरोग्य के देवता का पूजन
धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाएगी। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान इसी तिथि पर भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन, वाहन, मकान, कपड़े, धनिया और झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है।
- मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तुओं में वृद्धि होती है। प्रदोषकाल में यमराज के निमित्त दीपदान भी किया जाएगा। इसका समय शाम 5:27 से रात 8:05 बजे तक रहेगा।
नरक चतुर्दशी: छोटी दीपावली और हनुमान जन्मोत्सव
- शनिवार को नरक चतुर्दशी यानी छोटी दीपावली मनाई जाएगी।
- चतुर्दशी तिथि सुबह 10:48 बजे से रविवार सुबह 11:28 बजे तक रहेगी। इस दिन घर के मुख्य द्वार पर यम दीपदान करने की परंपरा है।
- दीपदान का मुहूर्त शाम 5:25 से रात 8:02 बजे तक रहेगा। इसी दिन हनुमान जन्मोत्सव भी मनाया जाएगा। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की ओर से पूजा-अर्चना की जाएगी।
दीपावली: शाम 5:48 बजे से लक्ष्मी पूजन
- रविवार को कार्तिक अमावस्या पर दीपावली मनाई जाएगी। अमावस्या तिथि सुबह 11:29 बजे से शुरू होगी।
- सूर्यास्त के बाद मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के पूजन का विधान है।
- इस दिन लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:48 बजे से रात 1:33 बजे तक रहेगा। घरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
गोवर्धन पूजा: 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव
- कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा पर 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व मनाया जाएगा। इस दिन गोवर्धन पर्वत और गोवंश की पूजा की जाएगी। मंदिरों में अन्नकूट का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया जाएगा।
- प्रतिपदा तिथि सुबह 6:39 बजे से रहेगी।
- पूजा का शुभ समय दोपहर 3:15 से शाम 5:24 बजे तक रहेगा।
भाई दूज: 11 नवंबर को बहनों के तिलक का मुहूर्त
- भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज 11 नवंबर को मनाया जाएगा।
- द्वितीया तिथि 10 नवंबर दोपहर 2:01 बजे से 11 नवंबर दोपहर 3:54 बजे तक रहेगी।
- उदयातिथि के अनुसार भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी।
- बहनें दोपहर 1:06 से 3:15 बजे तक भाइयों का तिलक कर सकेंगी।
- इस दिन राहुकाल दोपहर 12:01 से 1:22 बजे तक रहेगा, इसलिए इस अवधि में तिलक से परहेज करने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- धनतेरस से भाई दूज तक: दीपावली के 5 पर्व संवारेंगे आपके 5 ग्रह, जानिए क्या है खास कनेक्शन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।