विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर में CEO पैनल के आधार पर नियुक्त होंगे ज्वाइंट और डिप्टी सीईओ, ऐसे होगा सेलेक्शन

Published: Fri, 04 Sep 2026 10:54 AM (IST)

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट शीघ्र ही ज्वाइंट सीईओ और डिप्टी सीईओ सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां करेगा।

अयोध्या राम मंदिर।

अयोध्या राम मंदिर।

HighLights

  1. सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र राम मंदिर के प्रथम सीईओ बने।

  2. ज्वाइंट व डिप्टी सीईओ की नियुक्ति सीईओ पैनल के आधार पर होगी।

  3. सीईओ सभी वैधानिक, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निष्पादन करेंगे।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में प्रथम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति हो गई। सीईओ सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र ने गुरुवार को पदभार भी संभाल लिया। अब उनके सहयोग के लिए श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अन्य पदों पर आवश्यकतानुसार भर्ती करेगा।

इसमें सीईओ के बाद सर्वाधिक महत्वपूर्ण पद ज्वाइंट सीईओ व डिप्टी सीईओ का रहेगा। माना जा रहा कि ट्रस्ट इन पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करेगा।

इसमें सीईओ पैनल में चयन समिति की ओर से सुझाए गए नामों का सहारा लिया जाएगा। ट्रस्ट महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि चयन समिति ने तीन नामों के पैनल के अलावा भी भविष्य के लिए तीन अन्य नाम बताए हैं, जिन्हें आवश्यकतानुसार आमंत्रित कर नियुक्ति की जाएगी।

राम मंदिर में मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति के बाद अब समस्त वैधानिक, प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों का निष्पादन उन्हीं के स्तर से होना है। इसके अलावा प्रतिदिन मंदिर में आने वाले डेढ-दो लाख श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था और सुविधाएं भी सीईओ को ही व्यवस्थित करनी होंगी।

कई पदों पर होंगी नियुक्तियां

इन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए ट्रस्ट और सीईओ के समन्वय से कई पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनका विस्तृत खाका जल्द ही ट्रस्ट तैयार करेगा और आवश्यकता पड़ने पर विज्ञापन भी आमंत्रित किए जा सकते हैं, लेकिन ज्वाइंट (संयुक्त) सीईओ व उप (डिप्टी) सीईओ पद पर नियुक्ति ट्रस्ट, सीईओ पैनल में तीन सदस्यीय चयन समिति की ओर से सुझाए गए नामों पर विचार करके करेगा।

महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि पैनल में समिति ने जिन तीन नामों को सीईओ के लिए सुझाया था, उनमें से एक का चयन सीईओ पद के लिए हो चुका है। पैनल के दो अन्य नामों को ज्वाइंट सीईओ व डिप्टी सीईओ के लिए आधार बनाया जाएगा।

C-439-1-LKO1438-516490

पैनल में रिटायर्ड मेजर जनरल संजय प्रताप सिंह व रिटायर्ड आइएएस श्रुति भारद्वाज के नाम शामिल थे। आवश्यकतानुसार ट्रस्ट इनसे संपर्क करके अन्य पदों के लिए आमंत्रित करेगा।

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त भी चयन समिति ने तीन अन्य नाम प्राथमिकता के आधार पर भविष्य के लिए सुझाये हैं। इनका भी सहारा लिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सीईओ कार्यालय के लिए कितने कर्मियों की आवश्यकता है, इसकी संख्या शीघ्र ही निश्चित कर ली जाएगी।

प्रवक्ता पद पर भी योग्य व्यक्ति का चयन शीघ्र

महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने बताया कि पूर्व में लिए गए निर्णयानुसार अभी ट्रस्ट के प्रवक्ता पद पर किसी का चयन नहीं हो पाया है।

ट्रस्ट इस पद के लिए किसी ऐसे व्यक्ति की खोज कर रहा है, जिसे मंदिर और उसके प्रबंधन की बारीकी से जानकारी हो और वह मीडिया के समक्ष मजबूती से समुचित ढंग से ट्रस्ट का पक्ष रख सके। समस्त क्रियाकलापों से अवगत रहने वाले व्यक्ति को शीघ्र प्रवक्ता पद पर चयनित कर लिया जाएगा।

चार करोड़ के चेक मामले में ट्रस्ट नहीं करेगा कार्रवाई

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव रहे ट्रस्टी कृष्णमोहन ने कहा कि दान के रूप में गत दिनों चार करोड़ का चेक देने वाली तमिलनाडु की महिला श्रद्धालु एस नागलक्ष्मी के विरुद्ध ट्रस्ट की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्वेच्छा से चार करोड़ दस हजार रुपए का दान दिया था, लेकिन उस चेक को क्लियरेंस के लिए बैंक में लगाने पर उनके खाते में धनराशि लगभग शून्य रही। बावजूद इसके दान के मामले में किसी प्रकार की कार्रवाई का औचित्य नहीं बनता है।

यदि वह महिला फिर से संपर्क करती है तो ट्रस्ट अग्रिम कार्यवाही करेगा। बता दें कि गत 23 अगस्त को एक महिला श्रद्धालु ने चार करोड़ रुपए ट्रस्ट कर्मियों के लिए और दस हजार रुपए रामलला को दान में दिए थे, लेकिन उनकी शर्त यह थी कि यह धनराशि सीधे कर्मियों के खाते में हस्तांतरित की जाए, जिस पर ट्रस्ट ने ऐसी व्यवस्था न होने का हवाला दिया था। इसके बाद उन्होंने इस खाते में रकम ही नहीं डाली थी।

ट्रस्ट की अगली बैठक अब दो दिसंबर को प्रस्तावित

ट्रस्ट की त्रैमासिक बैठक अब दो दिसंबर को प्रस्तावित की गई है। ट्रस्ट अध्यक्ष के उत्तराधिकारी और विशेष आमंत्रित सदस्य महंत कमलनयन दास ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी है।

चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद गत छह जुलाई, 22 जुलाई व दो सितंबर को ट्रस्ट की बैठक हो चुकी है, जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए हैं। दो दिसंबर की बैठक भी महत्वपूर्ण होगी।

यह भी पढ़ें- राम मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन में संघ की छाप: तीन नए न्यासियों का चयन, RSS और विहिप का बढ़ा प्रभाव