Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चढ़ावा चोरी मामला: अवैध निर्माण को लेकर मिला नोटिस, तो ADA पहुंची आरोपी लवकुश मिश्र की पत्नी; मांगा 1 महीने का समय 

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 05:18 AM (IST)

    विकास प्राधिकरण की सख्ती के बाद चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र की पत्नी सुप्रिया मिश्रा एडीए पहुंचीं। ...और पढ़ें

    आरोपी लवकुश मिश्र और बनबीर में निर्माणाधीन लवकुश मिश्र का मकान

    आरोपी लवकुश मिश्र और बनबीर में निर्माणाधीन लवकुश मिश्र का मकान

    HighLights

    1. चढ़ावा चोरी आरोपित लवकुश की पत्नी सुप्रिया एडीए पहुंचीं।

    2. 'ब्लू जोन' में अवैध आवासीय निर्माण पर नोटिस मिला।

    3. सुप्रिया ने सुनवाई के लिए एक महीने का समय मांगा।

    संवाद सूत्र, अयोध्या। विकास प्राधिकरण के नकेल कसने के बाद चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र की पत्नी सुप्रिया मिश्रा बुधवार को एडीए पहुंची। 'ब्लू जोन' में निर्माणाधीन आवासीय भवन को लेकर प्राधिकरण ने सुप्रिया के नाम नोटिस जारी करते हुए 15 जुलाई को सुनवाई का अंतिम अवसर दिया था।

    यह नोटिस उसके मकान पर भी चस्पा कराई गई थी। इसके बाद भी उपस्थित न हाेने पर एडीए की ओर से लवकुश के निर्माणाधीन मकान पर सीलिंग की कार्रवाई होनी तय थी। महायोजना 2031 में यह क्षेत्र आवासीय निर्माण के लिए प्रतिबंधित है। सूत्रों की मानें तो इसी के बाद सुप्रिया ने प्राधिकरण कार्यालय में पहुंच कर प्रार्थनापत्र दिया और बचाव में एक महीने का समय मांगा है।

    हालांकि प्राधिकरण ने एक सप्ताह का समय देते हुए सुनवाई के लिए अगली तिथि तय की है। यह भी सूचना है कि 15 जुलाई को उपस्थित होने से पहले सुप्रिया ने रजिस्टर्ड पत्र भेज कर जवाब दिया था।

    विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को चढ़ावा चोरी के आरोपित लवकुश मिश्र के निर्माणाधीन मकान पर उसकी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम की नोटिस चस्पा की थी। इससे पहले भी एडीए ने आरोपित लवकुश की पत्नी सुप्रिया के नाम पहली नोटिस जारी की थी।

    इस नोटिस के आधार पर सुप्रिया को तीन जुलाई को एडीए कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना था, लेकिन वह नोटिस का जवाब देेने नहीं पहुंची। चढ़ावा चाेरी प्रकरण में जेल मेंं निरुद्ध लवकुश मिश्र रुदौली थाना क्षेत्र के ठकुरान फगौली का रहने वाला है।

    खबरें और भी

    प्राधिकरण के सेक्टर एक में जहां अपने आवासीय भवन का निर्माण करा रहा था, वह क्षेत्र महायोजना के भाग ‘क’ में 'ब्लू जोन' घोषित है। यह क्षेत्र आवासीय मकान के निर्माण के लिए प्रतिबंधित है। यहां सिर्फ सार्वजनिक व अर्द्ध सार्वजनिक सुविधाओं के तहत संबंधित कार्मिक, कर्मचारी, स्टाफ आवास आदि से संबंधित विकास किया जा सकता है।

    लवकुश का यह निर्माणाधीन मकान सआदतगंज के निकट बनबीरपुर में है। सीमा विस्तार के बाद नगर निगम में शामिल यह क्षेत्र अब महाराणा प्रताप वार्ड में आता है। एडीए के अवर अभियंता सुरेंद्र यादव की जांच में लवकुश के आवासीय मकान का निर्माण अवैध पाया गया। एडीए से बिना मानचित्र पास कराए ही निर्माण कराया जा रहा था, जिसका क्षेत्रफल लगभग एक हजार 24 सौ वर्ग फिट है।

    यह भी पढ़ें- अयोध्या चढ़ावा चोरी मामला: सरकार को जल्द सौंपी जाएगी एसआईटी की रिपोर्ट, कई नए नाम जुड़ने की संभावना