अयोध्या में मंगलवार से फिर सक्रिय होगा मानसून, अगले तीन दिन हल्की बारिश का अनुमान
अयोध्या में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश का अनुमान है, जबकि मानसून मंगलवार से फिर सक्रिय होगा। जुलाई में औसत से 48.5 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, हालांकि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मंगलवार से अयोध्या में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी
अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश होने की संभावना है
जुलाई में औसत से 48.5% कम वर्षा हुई
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अगले तीन दिनों तक खंडित बारिश का अनुमान है। माना जा रहा है कि शनिवार से मंगलवार तक हल्की बारिश होगी। अच्छी बरसात के लिए दो-तीन दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि शनिवार से मानसून की सक्रियता कम होगी और मंगलवार से दोबारा मानसूनी गतिविधियां सक्रिय होंगी।
शुक्रवार को शहरी क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को हल्की बारिश से ही संतोष करना पड़ा। वहीं जुलाई माह के आधे से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन सामान्य के सापेक्ष 48.5 प्रतिशत ही बारिश हो सकी है।
जुलाई में औसतन 292 मिलीमीटर बारिश होती है। इसके सापेक्ष अब तक 142.5 मिलीमीटर ही बारिश हुई है। शुक्रवार को करीब 35 मिलीमीटर बारिश हुई।
शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में हुई कम वर्षा
इससे पहले बीती 20 जुलाई से बारिश का क्रम आरंभ हुआ था। इस दौरान प्रतिदिन हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। शुक्रवार को बारिश के बाद शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। जनौरा, गांधीनगर, रामनगर, पहाड़गंज, मकबरा, सिविल लाइन, जलवानपुरा, रेतिया, खिड़की अलीबेग, राठहवेली आदि मोहल्लों में जलभराव से आवागमन बाधित हुआ। धान के लिए बारिश लाभकारी है।
यह भी पढ़ें- यूपी में फिर कमजोर पड़ा मानसून! आज लखनऊ-अयोध्या सहित 50 जिलों में हल्की बारिश, 48 घंटे बाद बदलेगा मौसम
मंगलवार से अच्छी बारिश की संभावनाएं
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि 28 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होगा और मंगलवार, बुधवार व गुरुवार को अच्छी बारिश की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से डेढ़ डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम है। अधिकतम आर्द्रता 92 व न्यूनतम 70 प्रतिशत रही।