विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्र ने समझा मंदिर प्रबंधन की कार्य, अगले हफ्ते से संभालेंगे जिम्मेदारी

Published: Sat, 05 Sep 2026 05:59 PM (IST)

राम मंदिर के नवनियुक्त सीईओ जितेंद्र मिश्र ने अयोध्या में पदभार संभाला और मंदिर प्रबंधन से जुड़ी समस्त जानकारी ली। ...और पढ़ें

ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि से मुलाकात करते नवनियुक्त सीईओ जितेन्द्र मिश्र।

ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि से मुलाकात करते नवनियुक्त सीईओ जितेन्द्र मिश्र।

HighLights

  1. जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर के सीईओ का पदभार संभाला।

  2. मंदिर प्रबंधन और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

  3. अगले सप्ताह से अयोध्या में विधिवत कार्य शुरू करेंगे।

जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जितेंद्र मिश्र दो दिनों तक अयोध्या में रहने के बाद शुक्रवार की शाम दिल्ली लौट गए।

इस दौरान उन्होंने ट्रस्ट महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि व कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका की उपस्थिति में अपना पदभार संभाल लिया और ट्रस्ट पदाधिकारियों व कर्मियों के साथ बैठक करके मंदिर प्रबंधन से जुड़ी समस्त जानकारी ली है। सीईओ ने बताया कि वह दिल्ली वापस आ गए हैं। अब अगले सप्ताह अयोध्या आकर विधिवत कार्य शुरू कर देंगे।

गत दो सितंबर को सम्पन्न हुई श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में ट्रस्ट ने सीईओ पद पर सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को चयनित किया था। चयन होने के अगले दिन ही वह गुरुवार को अयोध्या पहुंच गए थे।

उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि, कोषाध्यक्ष महेश भागचंदका, सचिव जगदीश आफले और धार्मिक समिति के सदस्यों से मुलाकात करके मंदिर प्रबंधन से जुड़े प्रत्येक विषय की जानकारी ली थी। कारसेवकपुरम स्थित भरत कुटी में जाकर उन्होंने पूर्व महासचिव चंपतराय से भी मुलाकात की।

इसके साथ श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रहीं सुविधाओं, दानराशि की गणना व दान की प्रक्रिया, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली, कर्मियों व सेवादारों की संख्या, वित्तीय व लेखा कार्य, सुरक्षा सहित अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली।

शुक्रवार को दोपहर में उन्होंने वैदेही भवन में महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि से बंद कमरे में करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत की। हालांकि उन्होंने इसके विषय में कुछ नहीं बताया। माना जा रहा कि इस बीच दोनों के मध्य सीईओ के उत्तरदायित्व, अधिकार, कार्यालय व इसके स्टाफ की संख्या आदि के संबंध में चर्चा हुई है।

सूत्रों ने बताया कि नए सीईओ के सहयोग के लिए ज्वाइंट व डिप्टी सीईओ की भी ट्रस्ट नियुक्ति करेगा, लेकिन अभी इसमें समय लगेगा। इस संबंध में दो दिसंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की अगली बैठक में निर्णय लिया जा सकता है।

सीईओ एयर मार्शल (सेनि.) जितेंद्र मिश्र ने बताया कि अयोध्या में दो दिन तक मंदिर परिसर व ट्रस्ट के लेखा कार्यालय का भ्रमण करने के पश्चात सबकुछ जान- समझ कर दिल्ली अपने आवास पर लौट आया हूं। कुछ आवश्यक कार्य संपादित करके अगले सप्ताह फिर रामनगरी लौटेंगे तो समुचित ढंग से अपना कामकाज शुरू कर देंगे।

उन्होंने दैनिक जागरण से दूरभाष पर बातचीत में आश्वस्त किया कि वह अपने कार्यों से किसी भी रामभक्त को शिकायत का अवसर नहीं देंगे। प्रत्येक स्तर पर पारदर्शी ढंग से कार्य सम्पन्न होंगे। हम बीती बातों में उलझने के बजाय आगे की योजना पर ध्यान देंगे। जल्द ही धरातल पर भी उनके कार्य देखने को मिलेंगे।

यह भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर में आधी रात जन्मे श्रीकृष्ण, भव्य आरती से गूंजा दरबार