राम मंदिर का पहला CEO कौन? 16 दावेदारों में जंग, 2 सितंबर से पहले खुलेगा 3 नामों का पत्ता
राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए 16 आवेदकों का अंतिम साक्षात्कार पूरा हो गया है। चयन समिति 2 सितंबर से पहले ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल सौंपेगी, जिसके बाद ट्रस्ट अंतिम सीईओ का चयन करेगा।

अयोध्या राम मंदिर। जागरण
HighLights
राम मंदिर सीईओ पद के लिए अंतिम साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी हुई।
चयन समिति 2 सितंबर से पहले ट्रस्ट को सौंपेगी तीन नाम।
ट्रस्ट पदाधिकारियों की सहमति से होगा सीईओ के नाम का ऐलान।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद के लिए योग्य मिले 16 आवेदकों का अंतिम साक्षात्कार पूरा हो गया, लेकिन अभी सीईओ के नाम को लेकर रहस्य बना है। वैसे तो यह नाम दो सितंबर को सबके सामने आएगा, जब ट्रस्टी विचारोपरांत किसी एक नाम पर एकमत हो जाएंगे। इससे पहले चयन समिति के तीनों सदस्यों को भी किन्हीं तीन नामों पर समविचारी होना होगा।
दरअसल, अंतिम साक्षात्कार पूरा होने के बाद भी अभी समिति के तीनों सदस्य साक्षात्कार देने वाले किन्हीं तीन आवेदकों को चयनित नहीं कर सके हैं। इसके लिए इनके बीच शीघ्र ही गहन विचार-विमर्श होगा। समिति के एक सदस्य ने बताया कि आपस में सहमति बनने पर ट्रस्ट को तीन नामों का पैनल सौंपा जाएगा। इसे दो सितंबर के पहले दे दिया जाएगा। ये तीन नाम भिन्न-भिन्न श्रेणियों के होने की संभावना है।
चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद से विषम परिस्थितियों का सामना कर रहे श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गत छह जुलाई की बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं के कुशल संचालन के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति करने का निर्णय लिया था। इसके लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली की अगुवाई में तीन सदस्यीय चयन समिति भी बनाई थी। इस समिति ने 13 जुलाई को आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए। कुल 5585 आवेदन आए।
द्वितीय चरण में 1580 आवेदकों के आवेदनों की जांच के बाद 111 लोगों से आनलाइन साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद चयन के तृतीय चरण में समिति ने सर्वोत्कृष्ट 16 आवेदकों को अंतिम साक्षात्कार के लिए अयोध्या बुलाया था। गत मंगलवार व बुधवार को इसकी प्रक्रिया भी समिति ने पूरी कर ली है। अब इनमें से भी समिति को तीन सर्वोत्तम आवेदकों का चयन करके ट्रस्ट को सौंपना है।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: यूपी सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट को सौंपी पहली SIT की फाइनल रिपोर्ट
चयन समिति के एक सदस्य ने दूरभाष पर बताया कि अभी तीन नामों का पैनल तय नहीं किया गया है। तीनों सदस्यों के किन्हीं तीन नामों पर एक मत होने के बाद ही पैनल तैयार करके दो सितंबर के पहले इसे ट्रस्ट को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद ट्रस्ट अंतिम चयन करेगा।
