श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में चंपत राय और अनिल मिश्रा के विकल्प की हो रही तलाश, सोमवार को अयोध्या में बैठक
निर्णायक बैठक में ट्रस्टी वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरन, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, महंत दिनेंद्रदास व नृपेंद्र मिश्र शामिल सहित अन्य पदेन सदस्य सम्मिलित ...और पढ़ें

ट्रस्टी डॉ. अनिल कुमार मिश्रा----ट्रस्ट महासचिव चंपत राय
HighLights
अयोध्या में मणिरामदास की छावनी में सोमवार दोपहर तीन बजे शुरू होगी ट्रस्ट की बैठक
यदि चंपतराय और अनिल मिश्रा हटे तो शामिल हो सकते हैं बजरंग बांगड़ा व नीरज दौनेरिया
जागरण संवाददाता, अयोध्या। विश्व विख्यात अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद जिस तरह से ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्र की भूमिका सामने आई, उससे कल श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
चंपतराय और अनिल मिश्र के त्यागपत्र स्वीकार करने के साथ ही इनके विकल्पों पर भी चर्चा हो सकती है। बजरंग बांगड़ा, नीरज दौनेरिया के नाम शामिल विकल्प में शामिल हैं। मणिरामदास जी की छावनी में सोमवार को दोपहर बाद तीन बजे से ट्रस्ट की बैठक होगी। इसको लेकर हर तरफ सरगर्मी है।
ट्रस्टी स्वामी जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद व कृष्ण मोहन इसमें शामिल होने रामनगरी पहुंच चुके हैं। कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी, नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, सहित अन्य कुछ सदस्यों के सोमवार को सुबह पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता ट्रस्टी के पारासरन सहित कुछ अन्य वर्चुअल रूप से बैठक में हिस्सा लेंगे। ट्रस्ट अध्यक्ष मणिराम दास जी की छवानी के महांत नृत्यगोपाल दास अध्यक्षता करेंगे। कोषाध्यक्ष गोविंद गिरि ने सभी सदस्यों को बैठक में रहने के लिए कहा है।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बीच मणिरामदास की छावनी में सोमवार को अपराह्न तीन बजे से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक होगी। इसको लेकर सरगर्मी चरम पर है। पुलिस व एसआइटी जांच के बीच होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट महासचिव चंपतराय व ट्रस्टी डा. अनिल कुमार मिश्रा के त्यागपत्र पर निर्णय होना हैं। बताया जा रहा है कि यदि इन दोनों को हटाया गया तो इनके स्थान पर नये सदस्यों की नियुक्ति भी तय है।
खबरें और भी
विहिप के महामंत्री बजरंगलाल बांगड़ा पहली पसंद
फिलहाल दोनों के त्यागपत्र पर क्या निर्णय होगा, ये तो बैठक के बाद पता चलेगा, लेकिन सचिव चंपतराय के विकल्पों की तलाश जरूर शुरू है। सचिव पद के लिए विहिप के महामंत्री बजरंगलाल बांगड़ा पहली पसंद बताए जा रहे हैं। ट्रस्टी कृष्णमोहन भी इस दौड़ में बताये गए। कृष्णमोहन भारतीय वन सेवा से सेवानिवृत्त हैं। वर्तमान में आरएसएस के पूर्वी उत्तर प्रदेश के संघ चालक हैं। बजरंग लाल बागड़ा विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय व अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं। वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।
रविवार को दिन भर लामबंदी
चंपतराय के त्यागपत्र स्वीकार न करने को लेकर रविवार को दिन भर लामबंदी होती रही। कुछ अन्य वर्ग अंतिम समय में चंपतराय के पक्ष में मुखर हुए हैं। उधर बताया जा रहा है कि ट्रस्ट में नीरज दौनेरिया को भी स्थान मिल सकता है। दौनेरिया बजरंग दल के वर्तमान राष्ट्रीय संयोजक हैं। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष मणिरामदास जी की छावनी के महांत नृत्यगोपालदास करेंगे। बैठक में एसआइटी की अंतरिम रिपोर्ट, वित्त वर्ष 2025-26 की आडिट रिपोर्ट भी पेश की जाएगी। सीईओ की नियुक्ति पर भी चर्चा के बाद निर्णय हो सकता है। एजेंडा के अन्य बिंदुओं में पर चर्चा होनी है।
इस निर्णायक बैठक में ट्रस्टी वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरन, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, महंत दिनेंद्रदास व नृपेंद्र मिश्र शामिल सहित अन्य पदेन सदस्य सम्मिलित होंगे। बैठक में सदस्य रहे दिवंगत बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के स्थान पर नए सदस्य का मनोनयन संभव है। इसके साथ ही केंद्र सरकार के सचिव आइएसएस प्रशांत लोखांडे, राज्य सरकार के प्रमुख सचिव संजय प्रसाद व जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी बैठक में रहेंगे।
नालको के चेयरमैन रहे चुके हैं बजरंग बागड़ा
बजरंगलाल बागड़ा विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री हैं। उन्हें फरवरी 2024 में अयोध्या में ही आयोजित विहिप की प्रन्यासी मंडल एवं प्रबंध समिति की बैठक में इस पद के लिए निर्वाचित किया गया था। उनका केंद्र दिल्ली है। वह राजस्थान के सीकर जिले के निवासी हैं। इसके पूर्व वह उड़ीसा में नालको के चेयरमैन रहे। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद वह विहिप के राष्ट्रीय मंत्री बने। बताया जाता है कि वह हिंदू समाज, जनसंख्या, धर्मांतरण, मंदिरों और धार्मिक मामलों पर विहिप का पक्ष प्रमुखता से रखते हैं। नालको (नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड) भारत सरकार के खान मंत्रालय के अधीन एक प्रमुख ''नवरत्न'' सार्वजनिक उपक्रम है, जहां चेयरमैन के रूप में कार्य करने का लंबे समय का अनुभव है।
जिलाधिकारी ने किया बैठक स्थल का निरीक्षण
बैठक की गहमागहमी के बीच रविवार शाम जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी मणिराजदास जी की छावनी गये। बैठक स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा आदि मानकों को भी परखा। यह भी जाना कि कौन कौन सदस्य यहां आ चुके हैं। उनके साथ ही कई अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।