अयोध्या पहुंचे कई ट्रस्टी, आज तीन ट्रस्टियों और महासचिव की नियुक्ति पर होगा विचार
श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दूसरी बार बुधवार को होने जा रही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए कई सद ...और पढ़ें
-1784508021736-1784677121876_m.webp)
पखवारे भर में आज दूसरी बार होगी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
HighLights
पखवारे भर में आज दूसरी बार होगी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक
स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्नतीर्थ और परमानंद गिरि पहुंचे अयोध्या
जागरण संवाददाता, अयोध्या। श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद दूसरी बार बुधवार को होने जा रही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में शामिल होने के लिए कई सदस्य अयोध्या पहुंच गए हैं और अन्य के देर रात पहुंचने की संभावना है।
ट्रस्ट के सदस्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ व युगपुरुष स्वामी परमानंद रामनगरी पहुंच चुके हैं। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि व अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन के बुधवार सुबह तक आने की संभावना है।
आज शाम चार बजे से मणिरामदास जी की छावनी में प्रस्तावित बैठक में चंपतराय व अनिल मिश्र के त्यागपत्र व अयोध्या राज परिवार के मुखिया रहे बिमलेंद्रमोहन मिश्र के निधन से रिक्त पदों पर तीन नए ट्रस्टियों का चयन होगा।
साथ ही नए महासचिव के नाम पर भी सर्वसम्मति बनेगी। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट अध्यक्ष महांत नृत्यगोपाल दास करेंगे। इस दौरान मंदिर की व्यवस्था को लेकर भी कई निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक में ट्रस्ट के सामने मंदिर प्रबंधन को लेकर ऐसे प्रबंध भी सुनिश्चित करने की चुनौती होगी, ताकि भविष्य में चढ़ावा चोरी जैसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। छह जुलाई को ट्रस्टियों की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लेकर मंदिर के दोनों जिम्मेदारों का त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया था।
मंदिर के व्यवस्थापक रहे गोपाल राव को ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य पद से हटा दिया गया था। ट्रस्टी कृष्णमोहन को अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया था। मंदिर में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति को लेकर सहमति बनने पर योग्य व्यक्तियों के चयन के लिए तीन वरिष्ठ सदस्यों की समिति बना दी गई थी।
खबरें और भी
समिति की ओर से आमंत्रित किए गए आवेदन में पांच हजार से अधिक लोगों ने दावेदारी की है। संभावना है कि इस बैठक में सीईओ पद के लिए कुछ नामों पर विचार भी किया जाए।
बैठक में नियमावली के अनुसार, विविध समितियों का पुनर्गठन भी प्रस्तावित है। कृष्ण मोहन की ओर से जारी किए गए बैठक के एजेंडे में एसआइटी की ओर से प्राप्त अंतिम प्रतिवेदन पर भी चर्चा प्रस्तावित है। हालांकि अब एसआइटी की अंतिम रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत हो जाने के बाद इस पर चर्चा की संभावना कम है।
बैठक में गणना कक्ष को बदले जाने और वित्तीय पारदर्शिता के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे। शाम चार बजे से प्रस्तावित बैठक के पहले तीन बजे ट्रस्ट की विशेष बैठक होगी, जिसमें रिक्त पदों पर सदस्यों के चयन के लिए विचार किया जाएगा। रामलला की सेवा में नियुक्त अर्चकों के दैनिक कार्यों की भी समीक्षा होगी।