काशी, प्रयागराज और अयोध्या घूमने का मौका! UPSTDC ने लॉन्च किया 'विजिट माई स्टेट' पैकेज, देखें पूरी डिटेल
यूपीएसटीडीसी ने त्योहारी सीजन के लिए 'स्पिरिचुअल ट्रायंगल' टूर पैकेज लॉन्च किया है, जिसमें वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
यूपीएसटीडीसी ने 'स्पिरिचुअल ट्रायंगल' टूर पैकेज शुरू किया।
वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल।
राम मंदिर, काशी विश्वनाथ के वीआईपी दर्शन उपलब्ध।
संवाद सूत्र, अयोध्या। त्योहारी सीजन में श्रद्धालुओं को प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा का सुगम अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने 'विजिट माई स्टेट' अभियान के तहत 'स्पिरिचुअल ट्रायंगल' टूर पैकेज शुरू किया है।
चार रात और पांच दिन के इस कस्टमाइज्ड टूर पैकेज में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या को एक यात्रा से जोड़ा गया है। यात्रा की शुरुआत वाराणसी से दोपहर एक बजे होगी। पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को प्रमुख मंदिरों, पवित्र घाटों, बौद्ध स्थलों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
ऐसा होगा पूरा टूर पैकेज
इस टूर पैकेज के तहत यात्रा की शुरुआत वाराणसी से होगी। श्रद्धालुओं को काशी के संकट मोचन मंदिर, दुर्गाकुंड मंदिर और अस्सी घाट का भ्रमण कराया जाएगा। तत्पश्चात, गंगा में नौका विहार और विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के दर्शन होंगे। यात्रा के दूसरे दिन, काशी विश्वनाथ मंदिर में वीआईपी दर्शन, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन होंगे।
इसके बाद पर्यटक सारनाथ पहुंचेंगे। तीसरे दिन यात्री प्रयागराज पहुंचेंगे। यहां आनंद भवन और लेटे हनुमानजी मंदिर भ्रमण के साथ संगम में स्नान का अवसर मिलेगा। चौथे दिन यात्रा अयोध्या पहुंचेगी।
यहां हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल के दर्शन के साथ राम मंदिर में वीआईपी दर्शन कराया जाएगा। श्रद्धालुओं सरयू घाट पर आरती में शामिल होने का भी अवसर मिलेगा। इसके लिए यूपीएसटीडीसी ने प्रति व्यक्ति 13 से 14 हजार रुपये शुल्क तय किया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार इस पैकेज से तीर्थयात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।
