Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या में हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण में शामिल होंगे पूर्व सांसद विनय कटियार, 2 अप्रैल को होगा आयोजन

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 03:54 PM (IST)

    पूर्व सांसद विनय कटियार 2 अप्रैल को अयोध्या में रामजन्मभूमि परिसर स्थित हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होंगे। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत् ...और पढ़ें

    हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण में शामिल होंगे पूर्व सांसद विनय कटियार।

    हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण में शामिल होंगे पूर्व सांसद विनय कटियार।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। राम मंदिर आंदोलन के सूत्रधार रहे पूर्व सांसद विनय कटियार रामजन्मभूमि परिसर में निर्मित हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में सम्मिलित होंगे। उन्हें श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने आमंत्रित कर दिया है। कटियार राम मंदिर निर्माण के बाद से पहली बार रामजन्मभूमि परिसर के किसी आयोजन में सम्मिलित होने जा रहे हैं।

    उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में इसकी पुष्टि भी की है। उनके अलावा ट्रस्ट ने बजरंग दल के अध्यक्ष रहे जयभान सिंह पवैया, पूर्व संयोजक डॉ. सुरेंद्र जैन, प्रकाश शर्मा सहित बजरंग दल के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों के साथ कुछ संत-धर्माचार्यों को भी आमंत्रित किया है।

    श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे की दक्षिणी भुजा के मध्य पर निर्मित हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण दो अप्रैल को कराया जाएगा। इसी दिन हनुमान जयंती भी पड़ रही है। यह आयोजन प्रात: 11 बजे से शुरू होकर लगभग दो घंटे तक चलेगा।

    हनुमान मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण हो जाने के पश्चात परिसर के चार पूरक मंदिर और शेष रह जाएंगे। मां अन्नपूर्णा व सूर्य मंदिर पर ध्वजारोहण हो चुका है। ट्रस्ट की ओर से आयोजित किए जा रहे इस समारोह में बजरंग दल के संस्थापक अध्यक्ष और तीन बार के लोकसभा सांसद रहे विनय कटियार को भी आमंत्रित किया गया है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- रामजन्मभूमि के 18 मंदिर ट्रस्ट को हैंडओवर, अगले सप्ताह परकोटा का भी होगा ट्रांसफर

    यह पहला अवसर होगा जब ट्रस्ट के आमंत्रण पर बजरंगी यानी पूर्व सांसद विनय कटियार किसी समारोह में सम्मिलित होंगे। इससे पूर्व ट्रस्ट की ओर से पूर्व सांसद विनय कटियार को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी आमंत्रित किया गया था, परंतु वह स्वास्थ्य कारणों से नहीं पहुंच सके थे।

    इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में 25 नवंबर को हुए ध्वजारोहण समारोह में उन्हें आमंत्रित ही नहीं किया गया था। आयोजन के पश्चात उन्होंने मीडिया से बातचीत में इसको लेकर अपनी व्यथा भी साझा की थी और ट्रस्ट महासचिव चंपतराय को स्वयंभू तक कह डाला था। हालांकि इसके बाद मकर संक्रांति के दिन उन्होंने रामलला का दर्शन अवश्य किया था।

    इधर, जब ट्रस्ट ने हनुमान मंदिर के ध्वजारोहण में उन्हें आमंत्रित किया तो सबकी दृष्टि उन पर लगी थी कि वह सम्मिलित होंगे या नहीं। दैनिक जागरण से दूरभाष पर हुई बातचीत में पूर्व सांसद विनय कटियार ने कहाकि अभी वह अयोध्या से दूर हैं, परंतु इस बार के कार्यक्रम में जरूर शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट का आमंत्रण उन्हें प्राप्त हो गया है।

    यह भी पढ़ें- रामजन्मभूमि परिसर के चारों प्रवेश द्वारों का ट्रस्ट कराएगा लोकार्पण, पहले शुरू होगा पूरक मंदिरों में दर्शन