अस्पताल में गुटखा-पान थूकने पर सख्ती, लगेगा 200 रुपये जुर्माना; खुद करनी होगी सफाई
आजमगढ़ में पान, गुटखा या तंबाकू थूकने पर कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है। गंदगी फैलाने वालों पर 200 रुपये का जुर्माना लगेगा और उन्हें सफाई भी करनी होगी। ...और पढ़ें
-1775830178813_m.webp)
अस्पताल में गुटखा-पान थूकने पर सख्ती।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता अतरौलिया। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर कड़ा रुख अपनाया। अब अस्पताल परिसर में पान, गुटखा या तंबाकू खाकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति से 200 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा और उससे गंदगी भी साफ कराई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ और संक्रमण मुक्त बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन के निर्देशानुसार अस्पताल में तंबाकू, पान या गुटखा खाना और थूकना पूर्णतः प्रतिबंधित है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो पूरे परिसर में लगातार निगरानी करेंगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नियम केवल मरीजों और उनके तीमारदारों पर ही नहीं, बल्कि अस्पताल के सभी कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा।
जुर्माने की वसूली के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की रसीद बुक मंगवा ली गई है और चालान के माध्यम से यह राशि सरकारी खजाने में जमा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि तंबाकू और गुटखे के कारण ओरल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।