आजमगढ़ में 6 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, 2020 की फ्लिपकार्ट लूटकांड का था आरोपी
आजमगढ़ पुलिस ने 50 हजार के इनामी अंतरजनपदीय बदमाश राजू पथरकट को नरौली से गिरफ्तार किया है। वह 2020 में ...और पढ़ें

HighLights
50 हजार के इनामी राजू पथरकट को आजमगढ़ से दबोचा।
2020 फ्लिपकार्ट एजेंसी लूटकांड का मुख्य आरोपी था।
नेपाल, चेन्नई, बेंगलुरु में छिपकर रह रहा था बदमाश।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद छह साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरजनपदीय बदमाश संतकबीरनगर के घनघटा थाना क्षेत्र के खाजो लोहहरिया गांव निवासी राजू पथरकट को पुलिस ने नरौली स्थित पुराने बस अड्डा से रफ्तार कर लिया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
वर्ष 2020 में करतारपुर स्थित फ्लिपकार्ट एजेंसी में 6 लाख से अधिक की लूट की घटना को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहा था। बदमाश की गिरफ्तारी को लेकर शहर कोतवाली समेत कई थानों की पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी।
बदमाश की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था, लेकिन इसके बाद भी जब पुलिस को सफलता नहीं मिली तो डीआइजी ने इनाम की राशि को बढ़ाकर 50 हजार कर दिया था।
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय स्वतंत्रता दिवस पर पुलिसकर्मियों के साथ शहर की सुरक्षा व्यवस्था में लगे थे। मुखबिर से सूचना मिली कि 6 वर्ष पूर्व (वर्ष 2020) करतारपुर स्थित फ्लिपकार्ट एजेंसी में लूट की घटना को अंजाम देने वाला बदमाश राजू पथरकट पुराने बस अड्डे के पास खड़ा है और कहीं भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में बदमाश ने बताया कि अपने साथियों के साथ मिलकर वर्ष 2020 में फ्लिपकार्ट एजेंसी में लूट की घटना करने के बाद उसमे प्राप्त धनराशि से अवैध तमंचा व कारतूस खरीदा था। अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए नेपाल, चेन्नई एवं बैंगलोर आदि स्थानों पर छिपकर रहता था।
यह भी पढ़ें- महाराजपुर : 2 साल से चल रहे मामी-भांजे के प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत, बाधा बन रहे मामा को मारी गोली; गिरफ्तार
पुलिस ने लूट की घटना से जुड़े कई अहम बिंदुओं की जानकारी जुटाई। आरोपित के खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर और संतकबीरनगर जिले में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही उसके साथियों के बारे में भी पता लगा रही है।
