आजमगढ़ में दो सीएम मॉडल स्कूलों के लिए 22.46 करोड़ रुपये आवंटित, बच्चों को मिलेगी फ्री शिक्षा
आजमगढ़ में दो सीएम मॉडल स्कूलों के लिए 22.46 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक मुफ्त और आधुनिक शिक्षा प्रदान करेंगे। ये ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आजमगढ़ में दो सीएम मॉडल स्कूलों को 22.46 करोड़ आवंटित।
प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक मुफ्त और आधुनिक शिक्षा मिलेगी।
स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल लाइब्रेरी, खेल मैदान जैसी सुविधाएं होंगी।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त दो सीएम मॉडल स्कूल बनाए जाएंगे। इसके लिए शासन ने 22 करोड़ 46 लाख रुपये आवंटित कर दिया है। इसमें 11 करोड़ 23 लाख रुपये मिर्जापुर ब्लॉक के असगड़ा मुस्तफाबाद में बन रहे सीएम मॉडल स्कूल के लिए कुछ माह पूर्व ही प्रथम किस्त के रूप में आवंटित कर दिया था। यहां पर स्कूल का निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड ने शुरू करा दिया है।
इसके साथ ही दूसरा सीएम मॉडल स्कूल जहानागंज ब्लाक के सेमा में बनेगा, इसके लिए भी शासन से 11 करोड़ 23 लाख रुपये आवंटित कर दिया गया है। सीएम मॉडल स्कूल में प्री-प्राइमरी से इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं चलेंगी। सीएम मॉडल स्कूल में प्रवेश लेने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
सीएम मॉडल स्कूलों का निर्माण करीब पांच एकड़ जमीन में कराया जा रहा है। इसे निजी कान्वेंट स्कूलों की तरह उच्चस्तरीय, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए बनाए जा रहे हैं। इसकी प्रमुख विशेषता प्री-प्राइमरी से 12 वीं तक की एकीकृत शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं हैं।
डिजिटल और स्मार्ट शिक्षा के तहत सभी कक्षाओं में स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही यहां पर खेल का बड़ा मैदान, बहुउद्देशीय हाल भी होगा। स्कूल का पूरा परिसर सीसीटीवी की निगरानी में रहेगा।
खबरें और भी
जिले में दो सीएम मॉडल स्कूलों का बनना, बड़ी उपलब्धि है। प्रथम किस्त जारी हो गई है और दोनो स्कूल को वर्ष 2028 तक बनाने का लक्ष्य मिला है। यहां पर प्रवेश लेने वाले छात्रों को गुणवत्तायुक्त बेहतर शिक्षा मिलेगी। एक ही परिसर में शिक्षा के साथ ही खेल एवं अन्य शैक्षणिक लाभ छात्र-छात्राओं को मिलेगा।