मऊ: कार्यों में गुणवत्ता न मिलने पर ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्टेड, जब्त होगी धनराशि
मऊ नगर पालिका परिषद में निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने गुणवत्ता और समय पर काम न करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस ...और पढ़ें

कार्यों में गुणवत्ता न मिलने पर ठेकेदार होंगे ब्लैक लिस्टेड।
HighLights
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
गुणवत्ताहीन कार्य करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्टेड, धनराशि जब्त।
अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और शिकायत निवारण के निर्देश।
जागरण संवाददाता, मऊ। नगर पालिका परिषद में गुरुवार को पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल की अध्यक्षता में निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विकास योजनाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ ठेकेदारों से दूरभाष पर बात कर कार्यों की स्थिति जानकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बेहतर कार्य करने वालों की सराहना की गई, जबकि लापरवाही पर नाराजगी जताई।
समीक्षा के दौरान वंदन योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगरोदय योजना, सीवरेज एवं जल निकासी योजना, 15वें वित्त आयोग, स्टांप शुल्क एवं राज्य वित्त आयोग से संचालित पार्क, घाट, पोखरा, नाली-नाला, इंटरलॉकिंग, सीसी व पिच रोड, भवन निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने निर्देश दिए कि जो ठेकेदार गुणवत्ता के अनुरूप एवं समय पर कार्य पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्टेड किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उनकी सुरक्षा धनराशि भी जब्त की जाएगी।
उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने एवं कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में जल निकासी एवं आवागमन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस माैके पर निर्माण विभाग के अवर अभियंता निर्माण लिपिक धर्मेंद्र कुमार पांडेय, संदीप कुमार साहनी, शैलेश कुमार, कैलाश चौहान, जलकल लिपिक कमलेश कुमार पांडेय आदि थे।