आजमगढ़ में 1.46 करोड़ की लागत से बनेगी डिजिटल लाइब्रेरी, युवाओं को मिलेगी तैयारी करने की सुविधा
आजमगढ़ के जीयनपुर नगर पंचायत में नगरोदय योजना के तहत 1.46 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण होगा। यह छात्रों को प्रतियोगी परीक्ष ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जीयनपुर नगर पंचायत में बनेगी अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी।
नगरोदय योजना के तहत 1.46 करोड़ की लागत।
छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी की सुविधा।
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नगरीय क्षेत्रों में संचालित नगरोदय योजना के तहत जीयनपुर नगर पंचायत में एक करोड़ 46 लाख की लागत से अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी का शीघ्र ही निर्माण शुरू होगा। इसके लिए शासन द्वारा स्वीकृति धनराशि की प्रथम किस्त के रूप में आधा धन अवमुक्त कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नगरोदय के तहत नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को निश्शुल्क डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की योजना संचालित हो रही है।
इस डिजिटल आधुनिक लाइब्रेरी में वाई-फाई, कंप्यूटर सिस्टम, हाई स्पीड इंटरनेट सेवा और एलईडी स्क्रीन जैसी मुख्य सुविधाएं दी जाएगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।विद्यार्थियों के बैठने के लिए आधुनिक और आरामदायक फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम यादव ने बताया कि नगर और क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अनावश्यक भाग दौड़ करनी पड़ती थी। निजी स्तर पर संचालित लाइब्रेरी संस्थाएं छात्रों का काफी दोहन करती हैं। गरीब छात्र इससे वंचित रह जाते हैं।
इस दिशा में मैंने पहल करते हुए सरकार की नगरोदय योजना के तहत डिजिटल लाइब्रेरी अपने नगर में स्वीकृत कराया।जिसकी प्रथम किस्त शासन द्वारा अवमुक्त कर दी गई है। इस डिजिटल लाइब्रेरी में डिजिटल और शैक्षणिक संसाधन, बीस हजार से अधिक ई-बुक्स और डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध रहेगी।
वीडियो और ऑडियो का ट्यूटोरियल एवं लेक्चर भी छात्रों को मिलेगा। यूपीएससी, यूपीपीएससी और अन्य सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए विशेष सामग्री और क्विज छात्रों को निश्शुल्क मुहैया कराए जाएंगे। अब छात्रों को कहीं अन्य नहीं जाना पड़ेगा। सारी सुविधाएं नगर में ही उपलब्ध रहेगी।