आजमगढ़ के पल्हनी सीएचसी में अत्याधुनिक लैब शुरू, अब गांव में ही होंगी जरूरी जांचें
आजमगढ़ के पल्हनी सीएचसी में नवनिर्मित बीपीएचयू लैब का उद्घाटन हुआ, जिससे अब मरीजों को मुफ्त में कई आवश्यक जांचें स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। यह लैब आधुनि ...और पढ़ें

पल्हनी सीएचसी में अत्याधुनिक लैब शुरू।
HighLights
पल्हनी सीएचसी में अत्याधुनिक बीपीएचयू लैब का हुआ शुभारंभ।
मरीजों को अब मुफ्त में मिलेंगी कई आवश्यक जांचें।
ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का होगा विस्तार।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पल्हनी में शुक्रवार को नवनिर्मित ब्लाक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) लैब का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ननकूराम वर्मा और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशरण पांडेय ने फीता काटकर लैब का उद्घाटन किया।
इसके शुरू होने से अब क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी पैथोलॉजी केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लैब को आधुनिक मशीनों और डिजिटल प्रणाली से सुसज्जित किया गया है।
यहां सीबीसी, लिवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी), किडनी फंक्शन टेस्ट (केएफटी), मलेरिया, डेंगू, टायफाइड, ब्लड शुगर, यूरिन सहित कई आवश्यक जांचें निशुल्क की जाएंगी। कंप्यूटर आधारित व्यवस्था के कारण मरीजों को कम समय में सटीक जांच रिपोर्ट उपलब्ध होगी, जिससे चिकित्सकों को समय पर उपचार शुरू करने में सुविधा मिलेगी।
सीएमओ डॉ. ननकूराम वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। बीपीएचयू लैब शुरू होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर जांच सुविधा मिलेगी। अस्पताल में ओपीडी व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है।
दवाओं की उपलब्धता बढ़ाई गई है और प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लेबर रूम को भी उन्नत किया गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।