आजमगढ़ में फूलपुर-पवई के पूर्व विधायक अबुल कलाम का निधन, 92 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
आजमगढ़ के फूलपुर तहसील क्षेत्र निवासी पूर्व विधायक अबुल कलाम का 92 वर्ष की आयु में लखनऊ में निधन हो गया। वह 1980 में कांग्रेस के टिकट पर फूलपुर-पवई वि ...और पढ़ें

आजमगढ़ के पूर्व विधायक अबुल कलाम का 92 वर्ष की आयु में निधन, क्षेत्र में शोक की लहर।
HighLights
पूर्व विधायक अबुल कलाम का 92 वर्ष की आयु में निधन।
लखनऊ में ली अंतिम सांस, पार्थिव शरीर आजमगढ़ लाया जाएगा।
1980 में फूलपुर-पवई से कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। फूलपुर तहसील क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी पूर्व विधायक अबुल कलाम का शनिवार की सुबह करीब आठ बजे लखनऊ में निधन हो गया। वह काफी दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। इनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे चिकित्सकों ने स्वजन को घर ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद स्वजन इनको लेकर लखनऊ के हुसैनगंज स्थित आवास पर लेकर आ गए। पूर्व विधायक अबुल कलाम ने 92 वर्ष की उम्र में घर पर ही अंतिम सांस ली। इनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वजन के अनुसार, पूर्व विधायक अबुल कलाम का पार्थिव शरीर शनिवार की देर शाम करीब आठ बजे तक उनके पैतृक आवास निजामपुर गांव लाया जाएगा।
अबुल कलाम वर्ष 1980 में कांग्रेस के टिकट पर फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। राजनीतिक जीवन के साथ ही वह शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। उन्होंने माहुल स्थित अशरफिया इंटर कालेज और अशरफिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई और शिक्षा के प्रसार में योगदान दिया।
इसके साथ ही वह सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे और क्षेत्र के लोगों से उनका लंबे समय से जुड़ाव रहा। निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और क्षेत्रवासियों ने शोक व्यक्त किया।