आजमगढ़ में सरकारी योग शिक्षकों को मिल गई फर्जी तैनाती, सैलरी मांगने पर खुला घोटाला, गिरोह का सरगना गिरफ्तार
आजमगढ़ में योग शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना रितेश वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 17 फर्जी नियुक् ...और पढ़ें

आजमगढ़ में योग शिक्षक नौकरी ठगी का भंडाफोड़, गिरोह का सरगना गिरफ्तार।
HighLights
योग शिक्षक नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी।
गिरोह का सरगना रितेश वर्मा आजमगढ़ से गिरफ्तार।
17 फर्जी नियुक्ति पत्र और दस्तावेज बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना की पुलिस ने सरकारी स्कूल और गैर सरकारी संस्थाओं में योग शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए हैं।
पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पुरानी बस्ती (रोडवेज) निवासी सुजाता जायसवाल ने तहरीर देते हुए पुलिस को बताया था कि रितेश वर्मा, संदीप गुप्ता और उनके साथियों ने सरकारी स्कूल और गैर सरकारी संस्थाओं में योग शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रति अभ्यर्थी 1.35 लाख रुपये वसूले।
इसके बाद मैक्स आइडिया के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कई लोगों से धोखाधड़ी की। रविवार को चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा ने पुलिस टीम के साथ सूचना के आधार पर रोडवेज तिराहे से आरोपित रितेश वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 17 फर्जी नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह साथियों के साथ मिलकर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धन वसूलता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है और मामले की विवेचना जारी है। बताया कि अभी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।