आजमगढ़ के सभी ब्लॉकों में बनेंगे एक-एक स्थायी हेलीपैड, खर्च होंगे 25 करोड़ रुपये
आजमगढ़ जिले के सभी 22 ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थायी हेलीपैड बनाए जाएंगे, जिससे वीवीआईपी आगमन पर अस्थायी हेलीपैड बनाने की समस्या समाप्त हो जाएगी। इस परियो ...और पढ़ें

जिले के सभी ब्लॉकों में बनेंगे एक-एक स्थायी हेलीपैड।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिले में अब वीवीआइपी के आगमन की सूचना पर हेलीपैड को लेकर प्रशासन को परेशान होने की जरूरत नहीं होगी। शासन ने इस समस्या के समाधान को लेकर बड़ी पहल की है। अब शासन के निर्देश पर जिले के सभी 22 ब्लॉक मुख्यालयों पर स्थायी हेलीपैड बनाया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा जमीन का चिन्हांकन पूरा कर लिया गया है।
प्रति हेलीपैड के निर्माण पर करीब एक करोड़ तेरह लाख रुपये खर्च होंगे। हेलीपैड का निर्माण कराने वाली कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को हेलीपैड के साथ ही 500 मीटर लंबी सड़क का निर्माण भी करना है। इससे हेलीपैड तक पहुंचना आसान हो सके। हेलीपैड के साथ ही बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जाएगा।
जनपद में कुल आठ तहसील और 22 ब्लॉक हैं। इनमें से कई स्थानों पर तहसील और ब्लॉक एक ही जगह हैं। अब तक किसी जनप्रतिनिधि या अन्य वीवीआइपी के आगमन पर हेलीकाप्टर उतारने के लिए अस्थायी हेलीपैड का निर्माण कराना पड़ता था।
इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए ही हर ब्लॉक में एक हेलीपैड बनाया जाएगा। जिले में हमेशा वीवीआइपी का आगमन होता रहता है। इसके लिए अस्थायी हेलीपैड बनाना पड़ता है। हर ब्लॉक में स्थाई हेलीपैड बनने के बाद से प्रशासन को परेशान होने की आवश्यकता नहीं होगी।
खबरें और भी
जिले के सभी ब्लॉक में हेलीपैड बनाने के लिए जमीन को चिन्हित करके उसकी पूरी रिपोर्ट लोक निर्माण विभाग को भेज दिया गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा कार्य शुरू कराने के लिए बजट का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। शासन से बजट मिलते ही हेलीपैड का निर्माण शुरू हो जाएगा। स्थाई हेलीपैड बनने के बाद से वीवीआइपी के आगमन पर अस्थाई हेलीपैड बनाने की आवश्यकता नहीं होगी। -संजीव ओझा, मुख्य राजस्व अधिकारी।