Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदायूं में भीषण हादसा: जात करने जा रहे श्रद्धालुओं की कार को दूध पिकअप ने मारी टक्कर, 2 की मौत, 9 घायल

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 11:53 PM (IST)

    बदायूं में बिल्सी रोड पर श्रद्धालुओं से भरी इको कार को दूध की पिकअप ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ श्रद् ...और पढ़ें

    हादसे के बाद मौके पर जांच करते पुल‍िस अध‍िकारी

    हादसे के बाद मौके पर जांच करते पुल‍िस अध‍िकारी

    HighLights

    1. चार घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

    संवाद सहयोगी, बिसौली (बदायूं)। नगर के बिल्सी रोड पर स्थित डीपाल स्कूल के पास शुक्रवार रात करीब पौने 11 बजे श्रद्धालुओं से भरी इको कार को दूध से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनो शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

    बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बैन से श्रद्धालु इको कार से आसफपुर स्थित फकावली में जात करने जा रहे थे। देर रात जब कार डी पाल स्कूल के सामने पहुंची कि तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार दूध की पिकअप ने इको कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

    आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में दहेमू निवासी मुंशीलाल तथा 65 वर्षीय टोरी पत्नी लीलाधर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि फूल सिंह, उनकी पत्नी सर्वेश, नौ वर्षीय बेटा गौरव, 18 वर्षीय अखिलेश, 16 वर्षीय शिवम व मुंशीलाल की पत्नी बाबी, उनका बेटा पुत्र संजू, इको चालक बैन निवासी हेमसिंह निवासी बैन तथा अंशुमान घायल हो गए।

    सूचना मिलते ही सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर कमलेश मिश्र और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने फूल सिंह, हेमसिंह, गौरव और संजू की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।

    खबरें और भी

    दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में स्वजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    वहीं फरार पिकअप और उसके चालक की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। मृतकों के स्वजन से तहरीर लेकर प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा रही है।

    यह भी पढ़ें- 'खाकी' का ऐसा रूप! रामपुर से बदायूं ट्रांसफर हुआ, लेकिन मिट्टी के बर्तन बेचने वाली गुनगुन से किया वादा नहीं भूले इंस्पेक्टर हरेंद्र