सड़कों के चौड़ीकरण के लिए चलेगी 2200 पेड़ों पर आरी, लेकिन बदले में खड़े होंगे 22 हजार नए पौधे; जानें क्या है पूरा प्लान?
बदायूं-दातागंज मार्ग के चौड़ीकरण को मंजूरी मिल गई है, जिसमें 2200 पेड़ काटे जाएंगे। वन विभाग ने पेड़ों की गिनती पूरी कर ली है और कटान की मंजूरी का प्र ...और पढ़ें

बदायूं-दातागंज मार्ग
HighLights
वन विभाग ने पेड़ों की गिनती का कार्य किया पूरा, पेड़ कटान की मंजूरी को भेजा गया प्रस्ताव
पेड़ों के कटाने होने के बाद दातागंज रोड पर स्थित करनपुर खाम तैयार किया जाएगा नया वन
जागरण संवाददाता, बदायूं। शहर के दातागंज तिराहे से गुलडिया, मूसाझाग होते हुए दातागंज जाने वाले मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए मंजूरी मिले एक माह हो गया। अब जल्द ही इस पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे पहले इस मार्ग पर लगे पेड़ों को काटा जाना था। इसके लिए वन विभाग ने पेड़ों की गिनती पूरी कर ली है। इस मार्ग पर कुल 2200 पेड़ हैं, जिन्हें काटा जाना है।
मगर पर्यावरण मंत्रालय से इसके लिए अब तक मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन सड़क की हालत देखते हुए बिना पेड़ काटे ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद जब मंजूरी मिलेगी तब पेड़ों को काटा जाएगा। पेड़ों को काटे जाने के बदले इसी मार्ग पर स्थित करनपुर खाम में नया वन स्थापित किया जाएगा। यहां 2200 पेड़ों के बदले दस गुना यानि 22 हजार पौधे रोपे जाएंगे।
शहर के दातागंज तिराहे से दातागंज तक का मार्ग की स्थिति काफी खराब हो चुकी है।बदायूं-दातागंज मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर लंबे समय से चल रही प्रतीक्षा अब समाप्त होने वाली है। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार करा कर भेजा गया था। इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिले एक माह हो गया है।
चौड़ीकरण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह मार्ग बदायूं को दातागंज के साथ-साथ शाहजहांपुर, पुवायां और लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ता है। र्तमान में सड़क सकरी और बढ़ते यातायात के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है। चौड़ीकरण के बाद न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और आवागमन को भी गति मिलेगी।
खबरें और भी
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार बदायूं–दातागंज मार्ग के 27 किलोमीटर हिस्से को 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर की पटरी भी बनाई जाएगी। अभी यह मार्ग केवल सात मीटर चौड़ा है। इस परियोजना पर करीब 82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए पेड़ों को हटाया जाना था।
अब वन विभाग के अनुसार गिनती की गई तो पता चला कि कुल 2200 पेड़ काटे जाएंगे। लेकिन इसकी मंजूरी के लिए लंबा समय लग सकता है। इस पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बातचीत के आधार पर तय किया कि चौड़ीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद पेड़ काटे जाएंगे।
दस गुना रोपे जाएंगे पौधे
डीएफओ निधि चौहान के अनुसार इन 2200 पेड़ों के बदले दस गुना पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए पूरा एक वन विकसित किया जाएगा। इसके लिए दातागंज मार्ग पर स्थित गांव करनपुर खाम में भूमि चिन्हित कर ली गई है। पर्यावरण मंत्रालय से पेड़ कटान की मंजूरी मिलने के बाद ही दातागंज मार्ग के पेड़ काटे जाएंगे। इसके बाद करनपुर खाम में करीब 22 हजार पौधों को रोपकर वन विकसित किया जाएगा।
गुणवत्तापूर्ण सड़क का होगा निर्माण
पुवायां-तिलहर-दातागंज मार्ग को बदायूं तक कराने के लिए मुख्यमंत्री और पीडब्ल्यूडी मंत्री से मुलाकात की थी इसे स्वीकृति मिल गई है। इस मार्ग का बेहतर गुणवत्ता के साथ हो, इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा गया है। पेड़ों के कटान में समय लगेगा, लेकिन मार्ग खस्ताहाल हो चुका है, इसलिए निर्माण जल्द होना जरूरी था। इसके लिए कार्य शुरू करने पर सहमति बन गई है। मंजूरी जब होगी तब पेड़ कटान कर पटरी आदि के कार्य करा दिए जाएंगे।