बदायूं डबल मर्डर: हत्यारोपी के ताऊ ने बेच डाली सरकारी जमीन, एसडीएम ने खरीदारों को बैनामा समेत बुलाया
बदायूं डबल मर्डर के आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह ने सरकारी जमीन अपनी बताकर पांच ग्रामीणों को बेच दी थी। इन जमीनों पर मकान और दुकानें बन चुक ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बदायूं। दातागंज तहसील क्षेत्र के गांव सैजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी प्लांट में 12 मार्च को उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता और सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या हुई थी। हत्यारोपित अजय प्रताप सिंह और उसके ताऊ राकेश सिंह की करतूत एक एक कर सामने आती जा रही हैं।
इनकी संपत्ति की जांच के दौरान पता चला कि आरोपित के ताऊ ने गांव के पांच लोगों को अपनी जमीन बताकर सैजनी के मेहरा रोड पर सरकारी जमीन बेच दी। इस जमीन पर पांचों ग्रामीणों ने अपने घर और दुकान भी बना लीं। जांच में मामला सामने आने पर अब एसडीएम ने सभी ग्रामीणों को बैनामा समेत जांच के लिए सोमवार को कार्यालय बुलाया है।
पीडब्ल्यूडी की जमीन पर दुकान बनी मिलीं
सैजनी गांव में हत्यारोपित अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह पर सरकारी जमीनों के कब्जे के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सबसे पहले पीडब्ल्यूडी की जमीन पर दुकान बनी मिलीं, जिनका ध्वस्तीकरण कराया गया। इसके बाद तालाब की जमीन पर फसल बोई मिली, जिसे उजाड़ दिया गया।
इसके बाद ग्राम पंचायत की जमीन पर ही 27 दुकान बनाए जाने का मामला सामने आया। जिस पर तहसीलदार दातागंज कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया और 45 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
इसी दौरान जांच में पता चला कि गांव की मेहरा रोड पर जिन लोगों के मकान दुकान बने हैं। उन जमीनों को भी राकेश सिंह ने ही बेचा था। इनकी जांच हुई तो पता चला कि राकेश सिंह ने जो अपनी जमीन बताई थी, वह अलग थी, जबकि जहां ग्रामीणों को जमीन बेच कर कब्जा दिलाया वह अलग है।
खबरें और भी
बताते हैं कि ग्राम समाज और मार्ग की 70 फिट जमीन के हिस्से में से अपनी जमीन को सुरक्षित कर सड़क की जमीन पर पांच ग्रामीणों को कब्जा दिया गया है। जिन्होंने इस जमीन पर अपने घर, मकान व दुकान बना ली हैं।
यह जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। अपनी पूरी पूंजी लगाकर जिन ग्रामीणों ने जमीन खरीदी थी, अब तक वह सोच रहे थे कि जमीन उनकी है लेकिन वह तो सरकारी निकली। अब नोटिस भेजकर इन सभी को कागजात समेत एसडीएम ने कार्यालय बुलाया है।
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपित के ताऊ राकेश सिंह ने अपनी जमीन बताकर सरकारी जमीन पर पांच ग्रामीणों को कब्जा दिलाया है। जिन पर दुकान मकान बने हुए हैं। इन सभी के कागजात देखने के बाद उन्हें उनकी वास्तविक जमीन पर कब्जा दिलाया जाएगा। जांच के बाद राकेश सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम दातागंज
यह भी पढ़ें- बदायूं सीबीजी प्लांट: दोहरे हत्याकांड के बाद 85 कर्मी नौकरी से निकाले, हत्यारोपी के 2 भाई भी शामिल