यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को दिवाली का तोहफा, त्योहार पर 24 घंटे होगी विद्युत आपूर्ति
बिजली निगम दीपावली पर बदायूं में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी कर रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दीपावली पर बदायूं में निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी।
जर्जर लाइनें, ढीले तार और कमजोर खंभे बदले जा रहे।
ओवरलोड फीडरों की निगरानी, 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय।
जागरण संवाददाता, बदायूं। त्योहारों के सीजन में उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की बिजली कटौती या तकनीकी बाधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए बिजली निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
निगम द्वारा जर्जर लाइनों, ढीले तारों और कमजोर हो चुके खंभों को तेजी से बदला जा रहा है। इसके साथ ही, जिन इलाकों से ट्रांसफार्मर खराब होने या अन्य तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें भी दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि पर्व पर किसी प्रकार की बाधा न आए।
निगम का मुख्य फोकस आने वाले दीपावली पर्व के दौरान शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुचारू, सुदृढ़ और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर है। इसके तहत पूरे क्षेत्र में युद्ध स्तर पर सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं को रोशन पर्व पर रोशन और स्थिर बिजली मिल सके।
दीपावली के समय घरों में रोशनी, सजावट और बिजली उपकरणों का लोड काफी हद तक बढ़ जाता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए निगम के तकनीकी अमले ने संवेदनशील क्षेत्रों और ओवरलोडिंग वाले फीडरों की विशेष मानिटरिंग शुरू कर दी है। जिन फीडरों पर लोड अधिक रहता है, वहां क्षमता वृद्धि का काम भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। त्योहारी सीजन में किसी भी आपात स्थिति या फाल्ट से तुरंत निपटने के लिए कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें और कम से कम समय में उनका समाधान हो सके।
यह भी पढ़ें- यूपी में बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा दीपावली का तोहफा, नवंबर में 9% तक घट सकता है बिल
निगम अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दिनों में रोस्टर के अनुसार पूरी बिजली मुहैया कराई जाएगी और अघोषित कटौतियों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। निगम ने आम जनता से भी अपील की है कि वे इस त्योहारी सीजन में बिजली का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या ढीले तारों की सूचना तुरंत नजदीकी उपकेंद्र या अवर अभियंता को दें।
दीपावली पर उपभोक्ताओं को 24 घंटे निर्बाध बिजली देना हमारी प्राथमिकता है। सभी जर्जर तारों को बदला जा रहा है और खराब ट्रांसफार्मर तुरंत बदले जा रहे हैं।
- अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।