'जेल से आकर वो मुझे मार डालेगा...' बदायूं प्लांट के ऑपरेटर ने खोली 5 दबंग भाइयों की पोल, पुलिस ने दर्ज की FIR
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बदायूं सीबीजी प्लांट में दोहरे हत्याकांड के आरोपी अजय प्रताप सिंह और उसके चार भाइयों के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज हुई है। यूटिल ...और पढ़ें

हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी प्लांट
HighLights
पीड़ित बोला-पूरे क्षेत्र में आरोपित भाइयों ने फैला रखा था आतंक, डरे सहमे रहते थे सभी कर्मचारी
प्लांट में दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित को डर कि बाहर निकल कर उसकी भी न कर दी जाए हत्या
जागरण संवाददाता, बदायूं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी प्लांट के उप महाप्रबंधक सुधीर गुप्ता व सहायक मुख्य प्रबंधक हर्षित मिश्रा की हत्या के आरोपित अजय प्रताप सिंह और उसके चार अन्य भाइयों पर एक और प्राथमिकी दर्ज हुई है। प्लांट में कार्यरत यूटिलिटी आपरेटर पर पांचों भाइयों ने हमला कर घायल किया था। शिकायत करने जाते समय जान से मारने की धमकी दी थी।
आरोप लगाया कि प्लांट में अजय प्रताप और उसके चारों भाई गुंडई करते थे। प्लांट में और क्षेत्र में उनका आतंक इस कदर था कि लोग उनके खिलाफ जाने से कतराते थे। उसने बताया कि अब दो अफसरों की हत्या के बाद उसे आशंका है कि अजय जेल से बाहर आकर उसकी भी हत्या न कर दे, इसलिए उसने यह मुकदमा दर्ज कराया है।
दातागंज कोतवाली क्षेत्र के नगर के मुहल्ला अरेला वार्ड चार निवासी राहुल मिश्रा ने 24 मार्च को पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि प्लांट में सैजनी निवासी अजय प्रताप सिंह पे लोडर का काम करता था, जबकि उसका भाई चंद्रशेखर उसके साथ आपरेटर पद पर तैनात था। इसके अलावा उसका भाई केशव गेट पर गार्ड की नौकरी करता था।
इसके अलावा उसका तहेरा भाई शिवम भी आपरेटर था। इसके अलावा उनका दूसरा तहेरा भाई अभय प्रताप सिंह प्लांट व क्षेत्र में आतंक फैलाए थे। यह सभी दबंग प्रवृत्ति के कर्मचारी लंबे समय से दहशत का माहौल बनाए हुए हैं, जिसके चलते कर्मचारी और अधिकारी उनके खिलाफ बोलने से कतराते हैं।
खबरें और भी
राहुल के अनुसार चार दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे आरोपित चंद्रशेखर उर्फ नन्हे ने प्लांट परिसर में उसके साथ गाली-गलौज करते हुए स्टील के पाइप से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई। घटना के बाद उसने जिला अस्पताल बदायूं में उपचार कराया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि हमले के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं, अगले दिन 5 दिसंबर की सुबह जब वह सैजनी गांव से गुजर रहा था, तभी आरोपितों ने उसे रास्ते में रोक लिया और दोबारा धमकाते हुए कहा कि यदि उसने थाने में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
इस दौरान अभय प्रताप सिंह उर्फ कल्लू भी उनके साथ था। आरोपितों की की दबंगई के कारण प्लांट में कार्यरत अन्य कर्मचारी भी भयभीत रहते हैं और खुलकर विरोध नहीं कर पाते। बताया कि जबसे यह दोहरा हत्याकांड हुअा है वह काफी डरा हुआ है।
इसके चलते अब तहरीर देने आया है। पुलिस ने चंद्रशेखर उर्फ नन्हे, अजय प्रताप, केशव, शिवम प्रताप व अभय प्रताप सिंह के खिलाफ मारपीट, डराना, धमकाने, गैर कानूनी तरीके से रास्ता राेकने, शांतिभंग करने और गंभीर चाेट पहुंचाने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि हत्याकांड की जांच के दौरान ही यह मामला सामने आया था। पीड़ित की तहरीर के आधार पर हत्यारोपित अजय समेत पांचों भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शेष चार आरोपितों की तलाश जारी है।
सैजनी गांव में हत्यारोपित अजय के पिता राजेश सिंह व ताऊ राकेश सिंह ने ग्राम समाज की भूमि पर 300 वर्गमीटर में अवैध फार्म हाउस भी बनवाया था। उसी सील किया जा चुका। इस मामले में भी लेखपाल हेम सिंह द्वारा अवैध कब्जे के मामले में राजेश सिंह, राकेश सिंह व उनके परिवारीजन के विरुद्ध मूसाझाग थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
- धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम
यह भी पढ़ें- बदायूं HP हत्याकांड: 200 गवाह और एक सीन रीक्रिएशन, जानें पुलिस ने चार्जशीट के लिए क्या बुना जाल