नौकरी के लिए अब नहीं छोड़ना पड़ेगा घर, अपने क्षेत्र में ही मिलेगा रोजगार; सरकार ने लॉन्च किया कमाल का App
उत्तर प्रदेश सेवायोजन और कौशल विकास विभाग ने ब्लू डॉट्स एआई ऐप लॉन्च किया है, जो युवाओं, महिलाओं और कुशल श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प् ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
स्थानीय युवाओं, महिलाओं और श्रमिकों को रोजगार मिलेगा।
जीपीएस मैपिंग से आसपास की नौकरियां आसानी से खोजें।
हिंदी भाषा और वॉयस कॉल सपोर्ट उपलब्ध है।
जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के बेरोजगार युवाओं, महिलाओं और कुशल श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर है। रोजगार के लिए दिल्ली-एनसीआर या बड़े शहरों की तरफ पलायन करने के बजाय अब युवाओं को उनके अपने जिले, ब्लॉक या कस्बे में ही काम मिल सकेगा।
उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग और कौशल विकास विभाग ने संयुक्त रूप से ब्लू डॉट्स एआई मोबाइल एप लांच किया है। जिला सेवायोजन कार्यालय इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए स्थानीय युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ने की तैयारी में जुट गया है।
निदेशक नेहा प्रकाश के अनुसार, यह एप पूरी तरह से स्थानीय स्तर पर केंद्रित है। इस एप की सबसे बड़ी खासियत इसका लाइव मैप है। बदायूं, उझानी, दातागंज, बिसौली या सहसवान के युवा जैसे ही इस एप को अपने मोबाइल में खोलेंगे, उन्हें जीपीएस मैपिंग के जरिए उनके आसपास उपलब्ध नौकरियों की लाइव लोकेशन दिखने लगेगी। इसके लिए युवाओं को भटकना नहीं पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की सहूलियत के लिए एप में हिंदी भाषा का विकल्प दिया गया है। साथ ही, जो युवा ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं या स्मार्टफोन ठीक से नहीं चला पाते, उन्हें वॉयस कॉल के माध्यम से नौकरियों की सटीक जानकारी दी जाएगी। जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकांत यादव ने बताया कि यह एप सेवायोजन एवं कौशल विकास विभाग ने संयुक्त रूप से लान्च किया है इसका मुख्य उद्देश्य लोकल स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
शुरुआत में यह केवल मेट्रो सिटी के लिए लांच हुआ था अब यह हर जिले में धीरे धीरे लागू होगा। इससे युवा अपने क्षेत्र में औद्योगिक कार्य, बिक्री व खुदरा व्यापार, लाजिस्टिक्स सेवाएं, कंस्ट्रक्शन और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार पा सकेंगे।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- अब रंग-बिरंगी चादरें दूर करेंगी मरीजों का तनाव, अयोध्या के अस्पताल ने शुरू की अनोखी पहल
स्थानीय उद्योगों और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
शहर के आसपास काम करने के इच्छुक स्थानीय श्रमिकों के लिए यह एप बेहद मददगार होगा। अब स्थानीय निर्माण कार्यों और छोटे उद्योगों को तुरंत मैनपावर मिल जाएगी। श्रमिकों को काम के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, वे मैप की मदद से अपने घर के सबसे पास चल रहे प्रोजेक्ट्स में जाब सकेंगे।
ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार की राह हुई आसान
बदायूं जैसे मुख्य रूप से ग्रामीण परिवेश वाले जिले में महिलाओं और कम पढ़े-लिखे युवाओं के लिए यह एप वरदान साबित होगा। रिटेल काउंटरों, स्थानीय दुकानों और डिलीवरी सेवाओं में काम के लाइव आफर मोबाइल पर ही दिखेंगे। स्थानीय भाषा और वायस काल सपोर्ट की वजह से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं भी अपने ही इलाके में सुरक्षित रहकर आसानी से रोजगार पा सकेंगी।
यह एप सेवायोजन और कौशल विकास विभाग का संयुक्त प्रयास है। इसके जरिए हमारा मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के स्थानीय युवाओं को उनके ही इलाके में रोजगार के अवसर प्रदान करना है।
शशिकांत यादव, जिला सेवायोजन अधिकारी