Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ganga Expressway तैयार! अप्रैल से 120 की रफ्तार भरने को हो जाइए तैयार, शुरू हुआ CCTV का ट्रायल

    Updated: Thu, 05 Mar 2026 07:00 AM (IST)

    गंगा एक्सप्रेस-वे का काम अंतिम चरण में है। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबे इस मार्ग पर अप्रैल से 120 किमी/घंटा की गति से वाहन दौड़ेंगे। बदायूं जिले ...और पढ़ें

    बिनावर घटपुरी के पास बनकर तैयार रेलवे ओवर ब्रिज पर गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण

    बिनावर घटपुरी के पास बनकर तैयार रेलवे ओवर ब्रिज पर गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण

    HighLights

    1. मेरठ से प्रयागराज तक कुल 594 किमी के गंगा एक्सप्रेस-वे पर जिले में 92 किमी की तय करेंगे दूरी

    अंकित गुप्ता, बदायूं। जिले के विकास को नई गति देने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे बनकर पूरी तरह से तैयार है। मेरठ से प्रयागराज तक कुल 594 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे जिले की 92 किमी क्षेत्र से होकर गुजरेगा। दैनिक जागरण की टीम ने शुक्रवार को जब गंगा एक्सप्रेस-वे की वर्तमान स्थिति की पड़ताल की तो यहां सब कुछ ठीकठाक नजर आया। जिले की सीमा में वाहनों की गति को 100 से 120 किमी रहेगी।

    इसके लिए जगह जगह साइन बोर्ड लगाए गए हैं। हर एक किमी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जो वाहनों की गति के साथ यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही उनकी सुरक्षा में सहायक होंगे। जिले में एक्सप्रेस-वे पर छुटपुट काम चल रहे हैं, जिन्हें अंतिम तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है। इसमें मुख्य सीसीटीवी का ट्रायल, बिजली व्यवस्था और सर्विस रोड की फिनिशिंग का काम शामिल है।

    बनकर तैयार गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण

    एक्सप्रेस-वे की शुरुआत को लेकर सबसे ज्यादा उत्साहित इसके किनारे बसे गांवों के लोग हैं। वह इसे अपने क्षेत्र के विकास की मुख्य कड़ी के रूप में देख रहे हैं। संभावना है कि सभी काम पूरे कर अप्रैल में यहां यातयात संचालन शुरू होगा। गंगा एक्सप्रेस-वे का जिले में एक छोर बिसौली है तो दूसरा दातागंज।

    गंगा एक्सप्रेस वे पर सीसीटीवी की लाइन जोड़ने का काम करते कर्मचारी। जागरण

    बिसौली से दातागंज की कुल 92 किमी की दूरी में बिसौली, बिल्सी, बदायूं के अलावा दातागंज तहसील क्षेत्र के 85 गांव आते हैं। इन 85 गांवों के बिसौली के 38, बिल्सी के दो, बदायूं के 18 और दातागंज के 27 गांव हैं। दैनिक जागरण की टीम ने शाहजहांपुर के नगरिया पुल की सीमा से गंगा एक्सप्रेस-वे का सफर शुरू किया।

    खबरें और भी

    गंगा एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी

    किमी संख्या 216 से शुरू किए सफर का पहला पड़ाव, दातागंज का पापड़ आया। यहां इंटरचेंज बना है, जहां टोल पर कार्य केबिन को तैयार किए जाने का कार्य चल रहा था।यहां लगे साइन बोर्ड में बदायूं, दातागंज और बरेली के फतेहगंज पश्चिमी को उतरने का संकेत दिया गया था।

    बनकर तैयार गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण

    यहां से किमी संख्या 189 तक रास्ता ऐसा कि कार में पानी भी न छलके। लेकिन इसके आगे करीब चार किमी का रास्ते की सड़क पर जंपिंग जैसी स्थिति है। इसके बाद फिर सपाट और आसान मार्ग शुरू हो जाता है। यहां से बिसौली में संभल जिले की सीमा तक रास्ते में कुछ जगह ही ऐसी हैं, जहां सड़क पर कुछ जंपिंग है।

     

    इस बीच पहले बिनावर का घटपुरी वाला इंटरचेंज और फिर वजीरगंज के वनकोटा वाला इंटरचेंज आया। इस सफर में सिर्फ एक्सप्रेस-वे पर काम कर रहीं अलग-अलग कंपनियों की गाड़ियां ही मिलीं। लेकिन बाइक सवारों ने इस पर सफर शुरू कर दिया है। तीनों ही इंटरचेंज पर बड़े वाहनों के चढ़ने का रास्ता बंद कर दिया गया है, जबकि बाइक सवार जुगाड़ लगाकर किसी न किसी तरह निकल जा रहे थे।

    सुरक्षा, सहायता और आराम की सुविधा

    जिले के 92 किमी क्षेत्र से निकले इस एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों की सुविधाओं को पूरा ध्यान रखा गया है। जगह-जगह यूपीडा के बोर्ड लगे हैं, जिसमें किसी भी तरह की आपातकाल स्थिति में मदद के लिए 14449 टोल फ्री नंबर लिखा गया है। इसमें हादसा, बीमारी और वाहन पंचर आदि होने की फोटो के साथ बताया गया है कि 24x7 कभी भी मदद ली जा सकती है।

    तैयार हो गया गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण

    रास्ते में दो जगह विश्राम और सेवा क्षेत्र बनाए गए हैं। जहां यात्री रुक कर अल्पाहार और शौचालय आदि का उपयोग कर सकते हैं। वहीं एक्सप्रेस-वे के हर एक किमी पर दोनों साइड एक सीसीटीवी भी लगा है। जो सुरक्षित यात्रा का अहसास कराता है।

    सीसीटीवी की कनेक्टिविटी और ट्रायल जारी

    गंगा एक्सप्रेस-वे पर जिले के 92 किमी क्षेत्र में इतने ही सीसीटीवी लगाए गए हैं। यहां सीसीटीवी लगाने के लिए मुख्य कार्यदायी संस्था एचजी इंफ्रा की ओर से नेटवर्किंग कंपनी टेजेंट को कार्य दिया गया है।

    वनकोटा में लाइट सही करते कर्मचारी। जागरण

    सीसीटीवी की मानीटरिंग के लिए तीनों टोल प्लाजा पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां बड़ी एलईडी से इन पर नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी को कंट्रोल करने के लिए हर 20-25 किमी के बीच पोल पर ही एग्रिकेशन प्वाइंट लगाया गया है। सीसीटीवी की कनेक्टिविटी पूरी तरह से अंडर ग्राउंड है।

    खाली एक्सप्रेस-वे को बनाया क्रिकेट का मैदान

    घटनपुर से जब वनकोटा की तरफ बढ़े तो किमी संख्या 181 पर खाली पड़े एक्सप्रेस-वे क्रिकेट का मैदान बना पाया। यहां तकरीब 40-50 युवा हाईवे की एक पट्टी को पिच बनाकर क्रिकेट खेल रहे थे। एक्सप्रेस-वे के दोनों साइड और सर्विस रोड पर खिलाड़ी फील्डिंग पर लगे थे। यहां रुके तो पता चला कि कुंवरगांव क्षेत्र में पड़ने वाले हसनपुर और मढियाभासी गांव के युवाओं के बीच मैच हो रहा है।

    गंगा एक्सप्रेस वे पर क्रिकेट खेलते आसपास के गांव के बच्चे

    हमने भी मैच का कुछ अंश देखा उस समय हसनपुर की टीम को छह बाल पर जीत के लिए पांच रन बनाने थे। जिसे चार बाल में ही हसनपुर की टीम ने बनाकर जीत लिया। यहां मौजूद युवाओं से बात की तो उन्होंने बताया अब कुछ दिन बाद ही यहां वाहन दौड़ेंगे। जब तक खाली है, हम मैच खेल लेते हैं। यह युवा भी गंगा एक्सप्रेस-वे के बनने से खुश थे और भविष्य में यहां से रोजगार निकलने की उम्मीद संजोए थे।

    गंगा एक्सप्रेस वे पर क्रिकेट खेलते आसपास के गांव के बच्चे। जागरण

     

    गंगा एक्सप्रेस-वे का काम लगभग पूरा हो चुका है। अगर कुछ छुटपुट काम बचे हैं तो उसे पूरा कराया जा रहा है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। अब तक संचालन शुरू होने का लेकर कोई अपडेट नहीं है।

    - अवनीश राय, डीएम


    यह भी पढ़ें- बदायूं में 2000 बंदियों वाली हाईटेक जेल का सपना अधर में, जानें क्यों लखनऊ से लेकर कोर्ट तक फंसा है पेच!


    यह भी पढ़ें- बदायूं का 'खूनी' पुल अब बनेगा सुरक्षित: मुढ़ा पुख्ता पुल के लिए 104 करोड़ का बजट जारी, जानें कब से शुरू होगा निर्माण और क्या है नया प्लान