Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गंगा एक्सप्रेसवे पर बड़ा मौका: बदायूं IMLC में भूखंड आवंटन शुरू, ₹5200 की दर से बिक रहे प्लॉट; बढ़ेगी GDP

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 06:10 AM (IST)

    गंगा एक्सप्रेसवे पर बदायूं के घटपुरी इंटरचेंज के पास 109 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) विकसित किया जा रहा है ...और पढ़ें

    गंगा एक्सप्रेस वे पर घटपुरी के पास का नजारा। जागरण आर्काइव

    गंगा एक्सप्रेस वे पर घटपुरी के पास का नजारा। जागरण आर्काइव

    HighLights

    1. गंगा एक्सप्रेसवे के घटपुरी इंटरचेंज के पास 109 हेक्टेयर में विकसित हो रहा आइएमएलसी

    अंकित गुप्ता, बदायूं। जिले की जीडीपी बढ़ाने और औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए गंगा एक्सप्रेसवे पर इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एंड लाॅजिस्टिक्स क्लस्टर (आइएमएलसी) सहायक साबित होगा। यूपीडा की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लगभग जिले में घटपुरी इंटरचेंज के पास 109 हेक्टेयर क्षेत्र में आधुनिक औद्योगिक और लाजिस्टिक्स हब तैयार होगा।

    वर्तमान में जिले की जीडीपी 32,789 करोड़ रुपये और विकास दर 5.7 प्रतिशत है। नई औद्योगिक इकाइयों के स्थापित होने से रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। क्लस्टर में उद्योगों के लिए आवश्यक आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उत्पादन और माल परिवहन सुगम हो सकेगा।

    निवेशकों के लिए भूखंडों का आवंटन शुरू हो गया है। निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से इसमें भाग लिया जा सकता है। गंगा एक्सप्रेसवे की बेहतर कनेक्टिविटी आइएमएलसी बदायूं को प्रदेश के उभरते औद्योगिक केंद्रों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

    मेरठ से प्रयागराज तक कुल 594 किमी का गंगा एक्सप्रेसवे का 92 किमी का हिस्सा बदायूं से होकर गुजरता है। इस 92 किमी में बदायूं में तीन इंटरचेंज हैं, जिसमें दो इंटरचेंज घटपुरी और डहरपुर के पास औद्योगिक गलियारा विकसित करने की तैयारी है। घटपुरी के औद्योगिक गलियारे के लिए 109 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण कार्य पूरा हो चुका है।

    खबरें और भी

    जबकि डहरपुर क्षेत्र के आसपास के गांवों में भूमि अधिग्रहण का कार्य जारी है। घटपुरी के आसपास के गांवों में अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब यहां इंडस्ट्रियल मैन्युफैक्चरिंग एंड लाजिस्टिक्स क्लस्टर (आइएमएलसी) विकसित करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए भूखंड आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

    यूपीडा की ओर से निवेश मित्र पोर्टल के जरिए आवंटन प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके लिए 5200 रुपये प्रति स्क्वायर मीटर की दर तय की गई है। यूपीडा से जुड़े अधिकारियों के अनुसार अब तक यहां पांच भूखंड आवंटित हो चुके हैं। इसमें भूखंड एक को छोड़कर दो से छह तक के भूखंड शामिल हैं।

    यूपीडा की वेबसाइट और निवेश पोर्टल पर भी यह भूखंड प्रदर्शित हो रहे हैं। हालांकि अभी स्पष्ट तौर पर किन कंपनियों ने यह भूखंड लिए हैं, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। लेकिन कंपनियों के अधिकारी और कर्मचारी यहां लगातार विजिट कर रहे हैं। कुछ अन्य कंपनियो की ओर से भी यहां भूखंड खरीदने के लिए रुचि दिखाई गई है।

    कुछ स्थानीय कारोबारी भी अपने नए उद्योग के लिए यहां संभावनाएं तलाश रहे हैं। कारोबारियों की दिलचस्पी को देखते हुए ही माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह आइएमएलसी जिले की जीडीपी और विकास दर दोनों को बढ़ाएगी।

    डहरपुर इंटरचेंज के औद्योगिक गलियारे के लिए अधिग्रहण प्रक्रिया तेज

    दातागंज तहसील क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के डहरपुर इंटरचेंज के पास औद्योगिक गलियारे के लिए मुख्य रूप से बिहारीपुर, छछऊ, डहरपुर कलां, कैल्हाई और डोलापुर गांवों में जमीन चिन्हित कर अधिग्रहण की प्रक्रिया की जा रही है। इसको लेकर कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया था।

    लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर कोई किसान जमीन देना नहीं चाहता तो उसके साथ कोई जबरदस्ती नहीं की जाएगी। उसकी जमीन को छोड़कर जो किसान जमीन देना चाहते हैं, उनकी जमीनों को अधिग्रहण किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

     

    गंगा एक्सप्रेसवे पर विकसित की जा रही आइएमएलसी निश्चित तौर पर ही जिले के विकास में मददगार साबित होगी। अब तक पांच भूंखड आंवटित होने की जानकारी है। दातगंज के डहरपुर क्षेत्र में भी औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य जारी है। यहां पर जिन किसानों का विरोध है, उनकी जमीनों को अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। जो किसान स्वेच्छा और जिले के विकास के लिए अपनी जमीन दे रहे हैं, उनकी जमीनों का अधिग्रहण ही चल रहा है।

    - अवनीश राय, डीएम


    यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेस-वे पर टला बड़ा हादसा! बदायूं में बारिश से धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल