गंगा एक्सप्रेस-वे पर टला बड़ा हादसा! बदायूं में बारिश से धंसी सड़क, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
बदायूं के घटपुरी में गंगा एक्सप्रेस-वे टोल मार्ग का एक हिस्सा लगातार बारिश से धंस गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और मरम्मत कार्य शुरू हो गया। इस घटना ने ...और पढ़ें

घटपुरी टोल के किनारे धंसी सड़क। वीडियो ग्रेब
HighLights
लगातार बरसात से मिट्टी का कटाव, प्रभावित मार्ग बंद कर शुरू कराई मरम्मत
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिनावर क्षेत्र के घटपुरी स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे के टोल मार्ग के किनारे का एक हिस्सा लगातार हो रही बरसात के चलते अचानक धंस गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते टोल कर्मचारियों की नजर क्षतिग्रस्त हिस्से पर पड़ गई, जिससे किसी बड़ा हादसा टल गया। प्रभावित लेन पर तत्काल यातायात रोक दिया गया और बेरिकेडिंग कर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया।
यह घटनाक्रम दो दिन पहले हुई बरसात के दौरान हुआ, जिसका अब वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भारी बारिश के कारण टोल प्लाजा के शौचालय की ओर जाने वाले मार्ग का हिस्सा धंस गया था।
इसके बाद लगातार हो रही वर्षा से टोल मार्ग के किनारे की मिट्टी का कटाव बढ़ गया और सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे बैठ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान सड़क पर मिट्टी डालकर मरम्मत किए जाने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगा।
मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे का करीब 92 किलोमीटर लंबा हिस्सा बदायूं जिले से होकर गुजरता है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर मिट्टी के कटाव और सड़क किनारे दरारें आने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
खबरें और भी
ऐसे में एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण गुणवत्ता को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही टोल प्रबंधन और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर धंसे हुए हिस्से को पूरी तरह बंद कर बैरिकेडिंग कराई गई और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।
निर्माण कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से कटाव हुआ था। क्षतिग्रस्त हिस्से को दोबारा भरकर मजबूत किया जा रहा है। साथ ही एक्सप्रेस-वे पर तैनात पेट्रोलिंग टीम को लगातार निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पूरे क्षेत्र पर विशेष नजर रखी जा रही है।