तैयार हो जाइए! 594 KM लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की तारीख तय, हरदोई से मचेगा शोर, बदायूं में होगी बड़ी जनसभा
गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 29 अप्रैल को हरदोई में प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। बदायूं में भी लाइव प्रसारण और जनसभा का आयोजन होगा, जिसमें लगभग 8 ...और पढ़ें

जिले में बनकर तैयार हो गया गंगा एक्सप्रेस वे। जागरण
HighLights
29 अप्रैल को हरदोई में प्रधानमंत्री करेंगे लोकार्पण, इंटरचेंज और पुलों के पास होगी साज-सज्जा
सभी इंटरचेंज, टोल पर लगेगी अधिकारियों की ड्यूटी, वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों को दिए गए निर्देश
जागरण संवाददाता, बदायूं। मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाला 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। लंबे समय से इसके संचालन को लेकर इंतजार चल रहा था। लेकिन अब तय हो गया है कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरदोई से इसका लोकार्पण कर रहे हैं। हरदोई में होने वाले लोकार्पण का जिले में लाइव प्रसारण किया जाएगा।
इसके लिए गंगा एक्सप्रेस-वे के पास किसी एक स्थान पर जनसभा की जाएगी। जिसमें सभी जनप्रतिनिधि और जिले के आठ से दस हजार लोग मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही लोकार्पण के लिए जिले के 95 किमी के एक्सप्रेस-वे के क्षेत्र को कई स्थानों पर साज सज्जा की जाएगी।
वहीं टोल व इंटरचेंज के आसपास अधिकारियों व पुलिस की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। सोमवार को शासन स्तर पर इसके लिए एक वीडियो कांफ्रेंसिंग की गई, जिसमें सभी 12 जिले के अधिकारियों को इससे संबंधित दिशा निर्देश दिए गए।सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान डीएम अवनीश राय, एडीएम एफआर डा. वैभव शर्मा, एडीएम प्रशासन अरुण कुमार मौजूद रहे।

इस दौरान लोकार्पण के दिन होने वाले कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री आदि के कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्था व तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य कार्यक्रम हरदोई में होना है तो ज्यादातर चर्चा वहीं के कार्यक्रम स्थल को लेकर रहीं।
खबरें और भी
इसके अलावा बताया गया कि जिन 12 जिलों से होकर यह गंगा एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है, वहां भी सभी अधिकारी अपनी तैयारी रखें। इसमें मुख्य रूप से सभी जिलों में जनसभा और हरदाेई के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आदि के बारे में बताया गया।
इसके अलावा एक्सप्रेस वे के मुख्य हिस्सों पर साज सज्जा कराने के भी निर्देश दिए गए। यूपीडा के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई कि वह लोकार्पण से पहले पूरे एक्सप्रेस वे को ठीक से देख लें। कहीं कोई कमी या खामी शेष बची हो तो उसे पूरा करा लिया जाए। बदायूं में भी एक जनसभा होनी है।
इसके लिए अभी तक कोई स्थान तय नहीं किया गया है। यह जनसभा दातागंज, बिनावर और वजीरगंज के वनकोटा के आसपास हो सकती है। इसके लिए जल्द ही अधिकारी कोई उपयुक्त स्थान देखकर उसे तय करेंगे। वहीं जिले के पूरे 95 किमी क्षेत्र में पुलिस और मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
जिले की सीमा में 120 किमी तक रहेगी वाहनों की गति
मेरठ से प्रयागराज तक कुल 594 किलोमीटर का यह एक्सप्रेस-वे जिले की 95 किमी क्षेत्र से होकर गुजरेगा। जिले की सीमा में वाहनों की गति को 100 से 120 किमी रहेगी। इसके लिए जगह जगह साइन बोर्ड लगाए गए हैं।
हर एक किमी पर एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, जो वाहनों की गति के साथ यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही उनकी सुरक्षा में सहायक होंगे।
एआइ तकनीकि से युक्त सीसीटीवी कैमरे करेंगे निगरानी
गंगा एक्सप्रेस-वे पर जिले के 95 किमी क्षेत्र में 95 सीसीटीवी लगाए गए हैं। सीसीटीवी की मानीटरिंग के लिए तीनों टोल प्लाजा पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। जहां बड़ी एलईडी से इन पर नजर रखी जाएगी।
सीसीटीवी को कंट्रोल करने के लिए हर 20-25 किमी के बीच पोल पर ही एग्रिकेशन प्वाइंट लगाया गया है। सीसीटीवी की कनेक्टिविटी पूरी तरह से अंडर ग्राउंड है। यह सभी सीसीटीवी एआइ तकनीकि से लैस होंगे। इनके जरिए यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तारीख तय हो गई है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई से इसका लोकार्पण करेंगे। जिले में भी इसके लिए तैयारी की जाएगी। अधिकारियों, पुलिस की ड्यूटी लगाई जाएगी। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा। जनसभा होगी, जिसमें जनप्रतिनिधियों के साथ आठ से दस हजार लोग मौजूद रहेंगे। इसके लिए उपयुक्त स्थान तय किया जाएगा।
- अवनीश राय, डीएम
यह भी पढ़ें- यूपी रोडवेज में बेटियों का जलवा! बदायूं डिपो को मिलीं 30 महिला कंडक्टर, बढ़ा रही हैं बसों का मुनाफा