गंगा एक्सप्रेसवे पर 'फिल्मी' लूट! चालक-परिचालक को बंधक बनाकर कैंटर उड़ाया, GPS ने 4 घंटे में रामपुर में फंसाया
गंगा एक्सप्रेसवे पर सात बदमाशों ने मछली दाना भरे कैंटर को लूट लिया और चालक-परिचालक को बंधक बनाकर जंगल में फेंक दिया। जीपीएस की मदद से रामपुर में कैंटर ...और पढ़ें

रामपुर व मूसाझाग पुलिस की गिरफ्त में पकड़े गए दोनों बदमाश व बरामद कैंटर। स्रोत पुलिस
HighLights
बंधन मुक्त होकर चालक-परिचालक पहुंचे मूसाझाग थाने, लूट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमें राजफाश में जुटीं
जागरण संवाददात, बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर थाना मूसाझाग क्षेत्र के मैरीमजर के निकट कार सवार सात बदमाशों ने मछली दाना भरे एक कैंटर को रोड होल्डअप कर लूट लिया। कैंटर के चालक परिचालक को बंधक बनाकर कार में डाल लिया और बदायूं-दातागंज मार्ग पर गुलड़िया के पास जंगल में फेंक कर बदमाश फरार हो गए।
खुद को बंधन मुक्त कराकर किसी तरह मूसाझाग थाने पहुंच चालक-परिचालक ने घटना की जानकारी दी। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर कैंटर की तलाश शुरू की। कैंटर में लगे जीपीएस से मिली लोकेशन को मूसाझाग पुलिस ने रामपुर पुलिस को दिया।
इसके बाद रामपुर और मूसाझाग की संयुक्त ने रामपुर के गंज थाना क्षेत्र से दो बदमाशों समेत ट्रक बरामद कर लिया। पूछताछ में बदमाशों ने सात बदमाश होने की पुष्टि की है। मूसाझाग पुलिस ने मामले को डकैती में तरमीम कर अन्य बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जिला हापुड़ के थाना थाना बाबूगढ़ के गांव आरिफपुर निवासी जराफत अपने साथी परिचालक दीपचंद्र के साथ कैंटर लेकर बिहार के सीतामढ़ी गए थे। वहां से मछलियों के लिए बनने वाले दाने का कच्चा माल लेकर हापुड़ लौट रहे थे।
खबरें और भी
शुक्रवार तड़के करीब चार बजे जब यह लोग गंगा एक्सप्रेसवे पर मूसाझाग क्षेत्र के गांव मैरीमजर के पास पहुंचे कि तभी पीछे से आई दो कारों में सवार लोगों ने हाथ देकर कैंटर रुकवाया। पहले स्विफ्ट कार से दो बदमाश उतरे और कैंटर के कागज मांगे और हड़काना शुरू कर दिया।
इसके बाद मौका देखते बोलेरो कार से पांच और बदमाश निकल आए और दोनों के साथ मारपीट करते हुए उनके हाथ पैर बांध लिए और बोलेरो कार में डाल लिया। उनके मोबाइल फोन छीन लिए और कैंटर लेकर फरार हो गए।
रास्ते में मारपीट करते हुए दोनों के मुंह बंद किए और बदायूं-दातागंज मार्ग पर गुलड़िया के पास जंगल में दोनों को फेंक कर फरार हो गए। करीब चार घंटे बाद किसी तरह चालक परिचालक ने खुद को बंधन मुक्त किया और मूसाझाग थाने पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, चालक जराफत की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई। चालक परिचालक से कैंटर में जीपीएस होने की जानकारी पर पुलिस उसकी लोकेशन खंगालने लगी। वहीं एक टीम सीसीटीवी खंगालने में जुट गई।
बदमाशें की लोकेशन रामपुर क्षेत्र में मिली। इस पर रामपुर की थाना गंज पुलिस को सूचना देकर, सर्विलांस व एसओजी की मदद से लोकेशन की ओर पहुंचे। इसी दौरान कैंटर की जीपीएस लोकेशन रामपुर के थाना गंज क्षेत्र में मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर रामपुर के गंज क्षेत्र में नगमा मैरिज हाल के पास से लूटा गया कैंटर बरामद कर लिया।
मौके से जिला रामपुर के थाना भोट क्षेत्र के गांव तालकपुर निवासी हसीन व जिला इटावा के थाना बकेवर के गांव अहेरीपुर निवासी हारून को गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में रामपुर पुलिस ने दोनों आरोपितों और बरामद कैंटर को थाना मूसाझाग इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह के सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए सात लोग दो वाहनों से पहुंचे थे। एक स्विफ्ट कार में हसीन और उसका बेटा आरिस सवार थे, जबकि बोलेरो में हारून, अन्नू, भूरे, मुकुल और गुड्डू सवार थे। सभी ने मिलकर गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर को रुकवाया और चालक व हेल्पर से मारपीट कर वाहन लूट लिया।
इसके बाद हसीन, हारून और गुड्डू लूटा गया कैंटर लेकर रामपुर चले गए, जबकि अन्य आरोपित चालक और हेल्पर को जंगल में छोड़कर अलग वाहन से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार आरोपित कैंटर में भरे मछली के दाने बेचने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल जिला इटावा के थाना बकेवर के गांव अहेरीपुर निवासी अन्नू, भूरे, मुकुल, गुड्डू तथा रामपुर के थाना भोट क्षेत्र के गांव तालकपुर निवासी आरिस की भी पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
आरोपितों के कब्जे से लूटा गया कैंटर और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। हसीन के खिलाफ पूर्व में भी गैंगस्टर एक्ट, सीएस एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित जिलों से जुटाई जा रही है। बताया कि सात बदमाश होने के चलते उनके खिलाफ डकैती की धारा मुें मुकदमा तरमीम कर लिया गया है।
- अभिषेक कुमार सिंह, एसपी सिटी, बदायूं