Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सबका इंतजार खत्म! 29 अप्रैल को PM मोदी करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन; बदायूं के घटपुरी में होगा बड़ा जश्न

    Updated: Sat, 25 Apr 2026 09:00 AM (IST)

    गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई से करेंगे, जिसका लाइव प्रसारण बदायूं के घटपुरी में जनसभा के साथ होगा। यह 594 किमी लंबा ए ...और पढ़ें

    बदायूं की सीमा से गुजरा गंगा एक्सप्रेसवे। स्रोत यूपीडा

    बदायूं की सीमा से गुजरा गंगा एक्सप्रेसवे। स्रोत यूपीडा

    HighLights

    1. प्रधानमंत्री हरदोई से करेंगे लोकार्पण, जिले में किया जाएगा लाइव प्रसारण, अब जगह हुई फाइनल

    2. घटपुरी में ही आइएमएलसी के लिए भूमि आवंटन की शुरू हुई प्रक्रिया, जनप्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद

    जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे करीब चार माह से बनकर तैयार है। यह कब शुरू होगा, इसे लेकर जिले के लोग लगातार सवाल कर रहे थे। लेकिन अब सब फाइनल हो गया है। 29 अप्रैल को इसका लोकार्पण खुद प्रधानमंत्री हरदोई से कर रहे हैं। लोकार्पण के दिन जिले में भी बड़ा कार्यक्रम कराने की तैयारी है।

    इसके निर्देश शासन से जिले के अधिकारियों को दिए जा चुके हैं। इसके बाद से ही यहां कार्यक्रम स्थल तय किया जा रहा था। अब घटपुरी वाले इंटरचेंज के पास ही जनसभा होना तय हो गया है। यहीं पर लोकार्पण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा और जनप्रतिधि भी यहीं से संबोधन करेंगे। इस कार्यक्रम में आठ से दस हजार लोगों की भीड़ जुटाने की तैयारी है।

    गंगा एक्सप्रेस वे पर फोटो खीचवाते राज्य मंत्री असीम अरुण। साभार इंटरनेट मीडिया

    मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाला 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे जिले में भी करीब 95 किमी से होकर गुजरा है। इसका एक हिस्सा दातागंज तहसील तो दूसरा छोर बिसौली में है। सदर, दातागंज, बिसौली और बिल्सी के करीब 195 गांवों से गुजरे इस एक्सप्रेस-वे से जिले के लोगों को बड़ी उम्मीदे हैं।

    इसीलिए इसके संचालन का इंतजार किया जा रहा था। अब जब तय हो गया है कि 29 अप्रैल को लोकार्पण के बाद इसका संचालन शुरू हो जाएगा, तो अब स्थानीय लोगों को सब्र नहीं हो रहा है। वह अभी से इसे देखने के लिए पहुंचने लगे हैं। हालांकि बड़े वाहनों के लिए इसके रास्ते बंद किए गए हैं, जिससे लोकार्पण से पहले कोई दिक्कत न आए।

    खबरें और भी

    जिले में जनसभा और लोकार्पण कार्यक्रम के लिए तय किया जाना था कि कार्यक्रम कहां हो। अब डीएम व अन्य अधिकारियों ने तय कर लिया है कि कार्यक्रम घटपुरी में ही रखा जाएगा।

    बता दें कि घटपुरी में ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने बदायूं में पहला आइएमएलसी (इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लाजिस्टिक्स क्लस्टर) स्थापित किया है, जिसके लिए आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब यहीं पर कार्यक्रम रख कर आइएलएलसी का भी प्रचार प्रसार हो जाएगा।

    मंत्री ने लिखा जन्मभूमि से मातृभूमि की दूरी हुई कम

    प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री असीम अरुण दो दिन पहले जिले में एक कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। लौटते समय उन्होंने गंगा एक्सप्रेस-वे पर फोटो खिंचवाया। उन्होंने इसे फेसबुक पर शेयर करते हुए लिखा कि अब मातृभूमि कन्नौज से जन्मभूमि बदायूं के बीच की दूरी अब बहुत कम होगी। राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेस वे तैयार है।

    गंगा एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षित सफर का खाका तैयार

    गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से पहले ही इसकी सुरक्षा व्यवस्था का खाका भी खींचा जाने लगा है। यहां एक्सप्रेस वे की सुरक्षा व्यवस्था तो रहेगी ही, इसके साथ ही जिले की पुलिस भी यहां तैनात की जाएगी। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले से 95 किमी इलाके से गुजरे पूरे एक्सप्रेस-वे पर हर 15 किमी के दायरे में पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी।

    इसके साथ ही आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एक्सप्रेस-वे के दोनों तरफ तारों के बाड़ लगाए गए हैं, ताकि आवारा पशुओं या अनधिकृत प्रवेश को रोका जा सके।

    यह भी पढ़ें- तैयार हो जाइए! 594 KM लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की तारीख तय, हरदोई से मचेगा शोर, बदायूं में होगी बड़ी जनसभा