बागपत में जलभराव के कारण कीचड़ में फिसलकर गिर रहे बाइक सवार, राहगीरों की बढ़ी मुसीबत
Baghpat News : बागपत के कुर्डी गांव में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी न होने से मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या है। इससे स्कूली बच् ...और पढ़ें

जल भराव के कारण फिसल कर गिरे बाइक सवार को उठाते युवक। जागरण
HighLights
स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी जल निकासी की मांग की।
संवाद सूत्र, छपरौली (बागपत)। कुर्डी गांव में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग पर जलभराव और कीचड़ का आलम है। इस मार्ग पर एक इंटर कालेज और एक कन्या हाईस्कूल है, जिसमें स्कूली बच्चों समेत राहगीरों को इस गंदगी भरे रास्ते से मजबूर होकर गुजरना पड़ रहा है। कई बार जल भराव के कारण बाइक सवार भी इसमें गिर जाते हैं।
कुरडी गांव निवासी रुपेंद्र कुमार, रामकरण, लोकेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कश्यप, बिजेंद्र, रामस्वरूप आदि ग्रामीणों ने बताया कि कुरड़ी गांव से पड़ोसी गांव नांगल जाने के लिए यह मुख्य रास्ता है। इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दोपहिया, चार पहिया एवं साइकिलों से आवागमन करते हैं।
इसी मार्ग पर जनविजय इंटर कालेज व श्रीमती श्याम कली कन्या हाईस्कूल स्थित है, जिनमें कुरड़ी व नांगल गांव के करीब 1200 बच्चे पढ़ाई करने के लिए रोज आते-जाते हैं, लेकिन इस मार्ग पर घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव व कीचड़ जमा है। जिसके कारण लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी के कारण उठने वाली दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि जनविजय इंटर कालेज व श्रीमती श्याम कली कन्या जूनियर हाईस्कूल में लगभग 1200 से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण है, लेकिन रास्ते में भरे कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चे विद्यालय में जाने से कतराते रहे हैं।
खबरें और भी
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा पानी की निकासी के लिए एक गड्ढा खुदवाया गया था, लेकिन लगातार पानी भरने के कारण वह भी ओवरफ्लो हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कई बार पशु उस गड्ढे में गिर जाते हैं, जिन्हें ग्रामीणों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने तथा खुले गड्ढे को सुरक्षित कराने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- CCSU परिसर में अजगर दिखने से दशहत में छात्र, रेस्क्यू टीम के समय पर न पहुंचने से हो गया गायब
इस संबंध में ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, लेकिन तालाब ओवरफ्लो होने के कारण इस मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस समस्या को देखते हुए सड़क किनारे गड्ढा खुदवाया गया था, ताकि सड़क पर जलभराव न हो। जल्द ही ओवरफ्लो हो रहे तालाब से पानी निकासी की व्यवस्था कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।