Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आंखों से आग उगलेगा रावण का पुतला, छाती और हाथ में चलते दिखेंगे चक्र, बागपत जिले में इन स्थानों पर होगा पुतला दहन

    Updated: Wed, 01 Oct 2025 05:56 PM (IST)

    Baghpat News बागपत में दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा और इसी के साथ रामलीलाओं का समापन भी होगा। इस अवसर पर रावण कुंभकरण और मेघनाद के पुतले ...और पढ़ें

    आंखों से आग उगलेगा रावण का पुतला, छाती व हाथ में चलते दिखेंगे चक्र ( फाइल फोटो)
    आंखों से आग उगलेगा रावण का पुतला, छाती व हाथ में चलते दिखेंगे चक्र ( फाइल फोटो)

    HighLights

    1. मैदान में खड़े किए जा रहे रावण के पुतले, लग रहे मेले
    2. रावण, कुंभकरण, मेघनाद के पुतले जलेंगे |
    3. मुस्लिम परिवार ने बनाया रावण का पुतला |

    जागरण संवाददाता, बागपत: विजयदशमी का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इसी के साथ जिलेभर में चल रही रामलीलाओं का मंचन भी संपन्न हो जाएगा। रामलीला आयोजकों द्वारा रावण पुतलों का दहन कराया जाएगा। बुधवार को जिले में कई स्थानों पर पुतलों को खड़ा करना शुरू कर दिया गया। कहीं 60 फीट तो कहीं 50 फीट के रावण का दहन होगा। कहीं दशानन आंखों से आग उगलता दिखेगा तो कहीं छाती और हाथ में चक्र चलते दिखेंगे।

    मुस्लिम परिवार ने बनाया पुतला 

    दोघट कस्बे के गांधी स्मारक इंटर कालेज प्रांगण में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। पुतला क्रेन से खड़ा कराया जाएगा। 23 साल बाद यहां रामलीला मंचन किया गया। इन वर्षों में यहां रावण का पुतला भी नहीं फूंका गया था। इस बार लोगों में दशहरा को लेकर खासा उत्साह है। आपसी भाईचारे और एकता का संदेश देते हुए दोघट के एक मुस्लिम परिवार ने पुतले को बनाया है। परिवार की तीसरी पीढ़ी के फरीद बताते हैं कि 23 साल से कस्बे में रामलीला बंद थी इसलिए वह दूसरे स्थानों पर जाकर रावण का पुतला बनाते थे, लेकिन इस बार अपने ही कस्बे में छोटा, हमजा, सादन के साथ रावण का पुतला बनाया है। रावण के मुंह व आंखों से आग निकलेगी। छाती एवं हाथों पर चक्र घूमते दिखाई देंगे। उसके बाद आतिशबाजी होगी।

    वहीं, बागपत नगर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले का दहन होगा। इससे पहले मनमोहक आतिशबाजी का प्रदर्शन होगा। उसके बाद पुतले का दहन किया जाएगा। जिले में अन्य जगहों पर केवल रावण के पुतले का दहन होगा।

    पुतला दहन का समय, स्थान और ऊंचाई

    -बागपत में गोल्डन गेट स्कूल के पास 60 फीट के रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले का दहन शाम 7 बजे।

    -अमीनगर सराय के शीलचंद इंटर कालेज के मैदान पर 50 फीट रावण के पुतले का दहन रात 9 बजे।

    -दोघट कस्बे के गांधी स्मारक इंटर कालेज मैदान पर 55 फीट के रावण के पुतले का दहन शाम 3 बजे।

    -खेकड़ा नगर में काठा रोड स्थित रामलीला मैदान पर 55 फीट के रावण के पुतले का दहन शाम 6 बजे।

    -ललियाना गांव में काले सिंह बाबा मंदिर परिसर में 60 फीट रावण के पुतले का दहन रात 10 बजे।

    -तितरौदा गांव में धर्मशाला के पास परिसर में 15 फीट के रावण के पुतले का दहन रात 11 बजे।

    -अग्रवाल मंडी टटीरी में डीएवी इंटर कालेज के मैदान पर 35 फीट के रावण व कुंभकरण के पुतले का दहन शाम 5.30 बजे।

    -अग्रवाल मंडी टटीरी स्थित चौकी के सामने मैदान में 32 फीट के रावण के पुतले का दहन शाम 6 बजे।

    -बिनौली स्थित बस स्टैंड के मैदान पर 50 फीट के रावण के पुतले का दहन शाम 6 बजे।

    खबरें और भी