शादी के सातवें दिन नकदी-जेवर लेकर दुल्हन फरार, दो लाख खर्च कर दुल्हन लाया था युवक
बागपत में शादी के सातवें दिन दुल्हन नकदी और जेवर लेकर फरार हो गई, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। युवक ने शादी के लिए दो लाख रुपये खर्च किए थे और ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
शादी के सातवें दिन दुल्हन नकदी-आभूषण लेकर फरार।
युवक ने शादी कराने के लिए बिचौलिए को दो लाख दिए थे।
दुल्हन के घर से भागने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई।
जागरण संवाददाता, बागपत। बिचौलिये द्वारा डेढ़ लाख रुपये लेकर शादी कराने के सातवें दिन रात के समय दुल्हन घर से 10 हजार रुपये नगद और आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गई। दुल्हन के जाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से बागपत शहर की एक कालोनी में किराये के मकान में रहता है। आरोप है कि बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी परिचित व्यक्ति ने भरोसा दिया था कि वह उसकी शादी मऊ जनपद की एक युवती से करा देगा, जिसमें दो लाख रुपये का खर्च होंगे। उसने डेढ़ लाख रुपये खुद लिए। 20 जुलाई को उक्त व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ उसे लेकर मऊ गया, जहां पर 50 हजार रुपये लेकर एक अन्य महिला को दिए। इसके उपरांत मंदिर में एक युवती से उसकी शादी करा दी गई।
21 जुलाई को पत्नी के साथ घर लौट गया था। 29 जुलाई की सुबह नींद से जागा तो पत्नी घर में नहीं मिली। आसपास देखा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। घर से दस हजार रुपये नगद, सोने की अंगूठी, चेन अन्य आभूषण गायब मिले। पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो सुबह करीब साढ़े तीन बजे पत्नी बैग लेकर जाती हुई दिखाई दी। आरोप है कि शादी के बहाने उससे दो लाख की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चहल का कहना है कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।