बागपत में पहले बाइक सवार परिवार को मारी टक्कर, फिर तड़पते घायलों पर दोबारा चढ़ा दी कार; एक की मौत
बागपत में रामनगर-तिलपानी मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने घायलों पर दोबारा कार चढ़ा दी, जिससे ठेके ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बागपत में कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी।
चालक ने घायलों पर दोबारा कार चढ़ाकर कुचला।
हादसे में ठेकेदार की मौत, तीन परिजन गंभीर घायल।
संवाद सूत्र, बागपत। रामनगर-तिलपानी मार्ग पर रविवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार फंसने पर चालक ने निकलने के लिए सड़क पर गिरे घायलों के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में भट्ठा ठेकेदार की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और पौत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
तिलपानी गांव निवासी 54 वर्षीय साबिर पुत्र शब्बीर भट्ठे पर ठेकेदारी का कार्य करता था। रविवार शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी समीना, बेटे मोनिश और पौत्री परी के साथ बाइक से रामनगर में भैंस बेचने के रुपये लेने जा रहा था।
रामनगर-तिलपानी मार्ग पर कुछ दूरी तय करने के बाद सामने से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चारों सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद कार घायलों के बीच फंस गई।
चालक ने कार निकालने के लिए सड़क पर पड़े घायलों के ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी और वाहन लेकर रामनगर की ओर फरार हो गया लेकिन गाड़ी की नंबर प्लेट इस दौरान टूटकर वहीं गिर गई। गाड़ी रामनगर निवासी की बताई जा रही है।
हादसे में गंभीर रूप से घायल साबिर को पहले बड़ौत अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पत्नी समीना का बालेनी के एक निजी देव भूमि अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि बेटा मोनिश और पौत्री परी का नरेंद्र अस्पताल बड़ौत में इलाज चल रहा है।
खबरें और भी
तीनों की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है।