बागपत में हेड कांस्टेबल की मासूम बेटी से दुष्कर्म का प्रयास, मुठभेड़ में 25 हजारी डिलीवरी ब्वॉय गिरफ्तार
बागपत में हेड कांस्टेबल की सात वर्षीय बेटी से दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में एक डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद 25 हजार के इनामी आरोपी को पकड़ा गया।

बागपत में एनकाउंटर के बाद घायल लेकर जाते पुलिसकर्मी।
HighLights
हेड कांस्टेबल की सात वर्षीय बेटी से दुष्कर्म का प्रयास।
डिलीवरी ब्वॉय प्रिंस पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुआ।
दारोगा की जान बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई।
संवाद सूत्र, अमीनगर सराय। हेड कांस्टेबल की सात वर्षीय बेटी को खेत में ले जाकर डिलीवरी ब्वॉय ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इससे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हुआ। वहीं पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद 25 हजार रुपये के इनामी आरोपित डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया गया। बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगने से दारोगा की जान बची।
यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल, सिंघावली अहीर थाना के एक गांव के निवासी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि छोटे भाई के पैर में दर्द रहता है, जिनके लिए आनलाइन दर्द निवारक तेल का आर्डर किया था। 15 अगस्त की दोपहर डिलीवरी ब्वॉय घर पहुंचा। उस समय उनकी सात वर्षीय बेटी, जो कक्षा दो की छात्रा है, घर के बाहर खेल रही थी।
आरोप है कि डिलीवरी ब्वॉय बेटी को बहलाकर बाइक पर बैठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर खेतों में ले गया, जहां पर बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची के चिल्लाने पर ग्रामीण को आते देख आरोपित फरार हो गया।
घटना से क्षेत्र में आक्रोश उत्पन्न हुआ। अज्ञात युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपित प्रिंस निवासी ग्राम तेड़ा का पता लगाकर धरपकड़ शुरू की। वहीं एसपी सूरज कुमार राय ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि आरोपित प्रिंस को फतेहपुर-ग्वालीखेड़ा संपर्क मार्ग पर रविवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम के एसआई शैलेंद्र कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। आरोपित के पास से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। आराेपित को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया गया।
यह भी पढ़ें- बागपत दोहरा हत्याकांड: पुजारी पर 25 हजार का इनाम घोषित, पांच राज्यों में तलाश जारी

