बागपत में खेत की जुताई कर रहे लाक्षागृह के कर्मचारियों पर हमला, एक घायल
बिनौली के बरनावा में श्री गांधी धाम समिति लाक्षागृह की कृषि भूमि की जुताई कर रहे कर्मचारियों पर बरनावा के लोगों ने हमला कर दिया, जिसमें एक कर्मचारी घा ...और पढ़ें

खेत की जुताई कर रहे लाक्षागृह के कर्मचारियों पर हमला।
HighLights
लाक्षागृह कर्मचारियों पर खेत की जुताई के दौरान हमला
हमले में ट्रैक्टर चालक विजयपाल कश्यप घायल
सरूरपुर थाने में हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी गई
संवाद सूत्र, बिनौली। बरनावा के श्री गांधी धाम समिति लाक्षागृह की कस्बा खिवाई के रकबे में स्थित कृषि भूमि की बुधवार दोपहर को ट्रैक्टर से जुताई कर रहे कर्मचारियों पर बरनावा के लोगों व महिलाओं ने हमला बोल दिया, जिसमें एक कर्मचारी घायल हो गया। इस मामले में समिति के पदाधिकारियों ने सरूरपुर खुर्द थाने में आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
बरनावा के लाक्षागृह स्थित श्री महानंद संस्कृत विद्यालय गुरुकुल को श्री गांधी धाम समिति संचालित करती है। जिसकी करीब सात बीघा कृषि भूमि हिंडन नदी के किनारे गाटा संख्या 1332 व 1333 में मेरठ के कस्बा खिवाई के रकबे में है।
उक्त कृषि भूमि में लाक्षागृह समिति के ट्रैक्टर चालक विजयपाल कश्यप, अध्यापक संजीव आर्य, लिपिक राहुल त्यागी व कुछ अन्य दोपहर के समय जुताई कर ज्वार बोने गए थे।
इसी दौरान जुताई करते समय बरनावा के देवेंद्र पुत्र मुंशी व उसके पुत्रों व महिलाओं ने भूमि को अपनी बताते हुए लाठी-डंडों से ट्रैक्टर चला रहे विजयपाल पर हमला कर घायल कर दिया। इसी दौरान क्लर्क राहुल त्यागी की भी एक युवक व महिला ने पिटाई कर दी।
सूचना पर बिनौली पुलिस पहुंची। घटनास्थल खिवाई का होने पर वापस लौट आई तथा मेरठ के सरूरपुर थाने को सूचना दे दी। इस मामले में श्री गांधी धाम समिति के मंत्री राजपाल त्यागी ने हमला करने वाले आरोपितों के खिलाफ सरूरपुर थाने पर तहरीर दी है।
खबरें और भी
इस बारे में सरूरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों को कल थाने बुलाया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, देवेंद्र का कहना है कि वे इस जमीन को पिछले 25-30 साल से काबिज रहकर जोत-बो रहे हैं।
घटना का वीडियो प्रसारित
बरनावा लाक्षागृह के खेत की जुताई करते समय कर्मचारियों के साथ की जा रही मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर भी प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक जगह एक महिला ट्रैक्टर चला रहे कर्मचारी पर लाठी चला रही है, जबकि एक जगह क्लर्क राहुल त्यागी की एक युवक व महिला पिटाई कर रहे हैं।