लूट के पैसे से की मनाली की सैर; शराब के ठेके पर की थी लूटपाट, यूं हुए गिरफ्तार
पुलिस ने बागपत में शराब के ठेके पर हुई लूटपाट का खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने साथियों संग लूट के पैसों से मनाली की ...और पढ़ें

बागपत कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किए लूट के दो आरोपित। सौ. पुलिस विभाग
HighLights
बागपत में शराब ठेके पर लूटपाट का राजफाश।
आरोपियों ने लूटे गए पैसों से मनाली की सैर की।
दो गिरफ्तार, लूटे गए 19,250 रुपये बरामद।
जागरण संवाददाता, बागपत। पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर ठेके पर लूट की घटना का राजफाश किया है। आरोपितों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट के बाद मनाली की सैर की थी। उनके पास से लूटे गए 19,250 रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
आल इंडिया शुगर फेडरेशन नई दिल्ली के डायरेक्टर वीरेंद्र उर्फ बिल्लू राणा निवासी ग्राम खेड़ा इस्लामपुर ने तहरीर देकर पुलिस को बताया था कि ग्राम गौरीपुर जवाहरनगर में उनका शराब बीयर का कंपोजिट ठेका है। सेल्समैन आक्रोशपाल और ओमसिंह निवासी पूर्वी बसंता उन्दापमाऊ (ओरैया) से गत 20 जुलाई की रात करीब 9.56 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर ठेके का गेट खुलवाया। इसके बाद सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देकर चार-पांच बोतल शराब, दो पेटी बीयर और दिनभर बेची गई शराब की नगदी लूटकर ले गए। घ
टना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई थी। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों तक पहुंची। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल का कहना है कि लूट के आरोपित विकास व मयंक उर्फ भोलू निवासी ग्राम संतोषपुर को रविवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपितों ने जानकारी दी कि उन्होंने अपने चार साथी टिंकू, बंटी, आदि और सिद्धू निवासी लोनी (गाजियाबाद) के साथ किराये की कार से बागपत पहुंचकर शराब पी। कम पड़ने पर शराब लेने ठेके पर गए थे, जहां पर गल्ले से रुपये लूटे गए। इसके बाद घूमने मनाली चले गए और दो दिन बाद गाजियाबाद लौटे। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।