पत्नी की हत्याकर थाने पहुंचा पति, बोला- जाओ लाश ले आओ; बागपत में रि. दरोगा के बेटे ने किया संगीन अपराध
बागपत के बराल गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को अमरूद तोड़ने के बहाने खेत में ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

रमाला थाने में मृतक मधु के स्वजन से पुछताछ करतीं सीओ अंशु जैन। जागरण
HighLights
पति ने पत्नी को खेत में ले जाकर गला दबाकर हत्या की।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद थाने में जाकर जुर्म कबूला।
सेवानिवृत्त दरोगा के बेटे ने पत्नी को मारा, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, बागपत। बराल गांव में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक व्यक्ति अपनी पत्नी को अमरूद तोड़ने के बहाने बाइक पर खेत में ले गया और वहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित सीधे थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित की निशानदेही पर खेत से महिला का शव बरामद कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच में जुटी है।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, बराल निवासी सेवानिवृत्त दारोगा धर्मपाल के बेटे संदीप उर्फ संजू की वर्ष 2006 में गांगनौली गांव की प्रीति से शादी हुई थी। वर्ष 2009 में बीमारी के कारण प्रीति की मौत हो गई थी। प्रीति से संदीप का 18 वर्षीय बेटा दक्ष है। पत्नी की मौत के लगभग दो महीने बाद संदीप ने अपनी साली मधु से विवाह कर लिया था। मधु से उसकी 15 वर्षीय बेटी मानवी है।
शनिवार दोपहर संदीप अपनी पत्नी मधु को बाइक पर खेत में अमरूद तोड़ने के बहाने ले गया। खेत में उसने मधु का गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपित शाम लगभग चार बजे खुद रमाला थाने पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी मधु की हत्या कर दी है। यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस आरोपित को साथ लेकर खेत पहुंची, जहां महिला का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
खबरें और भी
घर आए भाई को भी नहीं लगी थी भनक, पुलिस ने बताया
इधर, घटना से कुछ घंटे पहले मधु का भाई कपिल गांगनौली से किशनपुर दवाई लेने आया था। इस दौरान वह बहन की ससुराल भी पहुंचा। वहां उसकी मुलाकात मधु की सास से हुई। उन्होंने बताया कि संदीप और मधु किसी काम से बाहर गए हैं।
कपिल बहन से मिले बिना वापस लौट गया। शाम को पुलिस ने उसे फोन पर मधु की हत्या की सूचना दी, जिसके बाद वह बदहवास हालत में थाने पहुंचा।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी दिन भर इस वारदात की चर्चा रही। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
सीओ अंशु जैन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद, आपसी मनमुटाव या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है।
पुलिस परिवार से ताल्लुक रखने वाले घर में हुई वारदात
बराल गांव में हुई इस हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस परिवार में कानून की रक्षा करने वाले लोग हैं, उसी परिवार में हुई इस वारदात ने सभी को हैरान कर दिया। आरोपित संदीप उर्फ संजू के पिता धर्मपाल उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त दारोगा हैं। उसका भाई राजीव भतीजा प्रतीक भी पुलिस विभाग में दारोगा के पद पर तैनात है। ऐसे परिवार में इस तरह की घटना होने से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं।
इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मधु अपने पीछे 15 वर्षीय बेटी मानवी को छोड़ गई है, जबकि संदीप की पहली पत्नी से 18 वर्षीय बेटा दक्ष है। मां की हत्या और पिता के जेल जाने की स्थिति ने दोनों बच्चों के भविष्य पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। मधु का भाई कपिल भी इस घटना से टूट गया। वह दोपहर में बहन से मिलने ससुराल पहुंचा था, लेकिन बहन से मुलाकात नहीं हो सकी।
कुछ घंटे बाद पुलिस से मिली हत्या की सूचना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। गांव में हर जुबान पर एक ही सवाल है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पति ने अपनी पत्नी की जान ले ली। पुलिस अब इसी सवाल का जवाब तलाशने में जुटी है।