Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार गंभीर, राहगीरों ने मदद करने की बजाए लूट लिया सामान

    Updated: Tue, 06 Jan 2026 05:35 PM (IST)

    ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार अक्षय को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद राह ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. ककड़ीपुर में रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मारी।

    2. घायल अक्षय की मदद के बजाय राहगीरों ने सामान लूटा।

    3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, बस फरार।

    संवाद सूत्र, रमाला (बागपत)। ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आरोप है कि मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल की मदद करने के बजाय उसका सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने घायल को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

    जौनमाना निवासी सतीश शर्मा ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा अक्षय शनिवार सुबह किसी कार्य से बाइक से शामली गया था। शाम को घर लौटते समय जैसे ही वह ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचा तभी पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।

    टक्कर लगते ही अक्षय बाइक समेत सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को बड़ौत सीएचसी में भर्ती कराया तथा स्वजन को घटना की जानकारी दी। चिकित्सकों ने युवक की हालत गंभीर बताते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

    पीड़ित का आरोप है कि दुर्घटना के दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसका पर्स, जिसमें करीब पांच हजार रुपये और आवश्यक कागजात थे, मोबाइल फोन तथा हेलमेट चोरी कर लिए। इस संबंध में इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रोडवेज बस और चोरी के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी