विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दो सगी बहनों को मौत, परिवार में कोहराम

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:44 AM (IST)

बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने दो मासूम बहनों को कुचल दिया, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

नबिया और अलीना, फाइल फोटो

नबिया और अलीना, फाइल फोटो

HighLights

  1. बागपत में दो मासूम बहनों की ट्रक से मौत।

  2. दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पार करते समय हुआ हादसा।

  3. पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक फरार।

जागरण संवाददाता, बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पार करते समय दो मासूम बहनों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। उनकी दर्दनाक मौत हो गई, वह दोनों ताऊ के घर से लौट रही थीं। सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आ गईं। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने पीड़ित स्वजन से जिला अस्पताल पहुंचकर हादसे की जानकारी ली और आरोपित चालक को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

ग्राम पाली निवासी तालीम ट्रक चालक है। स्वजन के मुताबिक तालीम की दो बेटियां छह वर्षीय नबिया और तीन वर्षीय अलीना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे ताऊ जावेद के घर से अपने घर लौट रही थीं। हाईवे पार करते समय दिल्ली की ओर से तेज गति से आए ईंट ढोने वाले ट्रक ने बच्चियों को रौंद दिया, वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।

चंद सेकंड में ग्रामीण और राहगीर एकत्र हो गए, लेकिन तब तक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। दोनों बच्चियों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जिन्हें इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. शाहिद अली ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच कर ट्रक को कब्जे में लिया। एएसपी प्रवीण सिंह चौहान और कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित स्वजन से जानकारी लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें- पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की ले ली जान, बागपत में रामलीला देखने गए युवक को मारने के लिए ऐसे रची साजिश

बेटियों की मौत पर फूट-फूटकर रोये पिता

तालीम की तीन बेटियों में बड़ी और छोटी की हादसे में मौत हो गई। मंझली बेटी पांच वर्षीय मल्लो हादसे के समय घर पर थी। तालीम को कोई बेटा नहीं है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा है। मर्चरी के बाहर पिता तालीम फूट-फूट रोये, जिन्हें पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने किसी तरह समझाया।

हाईवे पर ट्रक की चपेट में आने से मासूम दो बहनों की मौत हो गई। ट्रक को कब्जे में लिया गया है। आरोपित चालक फरार हो गया। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।- प्रवीण सिंह चौहान, एएसपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।